भोपाल/इंदौर। मध्य प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड की मेट्रो सेवाएं अभी उम्मीद के मुताबिक यात्री नहीं जुटा पा रही हैं। कई रूट्स पर मेट्रो कोच खाली या कम भरे हुए नजर आ रहे हैं, जिससे ऑपरेशन लागत का दबाव बढ़ता जा रहा है। ऐसे में अब मेट्रो प्रबंधन ने नुकसान की भरपाई के लिए नया रास्ता निकाला है “Celebration on Wheels” स्कीम।
इस योजना के तहत अब मेट्रो कोच और स्टेशन परिसर को इवेंट और शूटिंग के लिए किराए पर दिया जाएगा। यानी जो कोच अब तक खाली दौड़ रहे थे, उन्हें कमाई का जरिया बनाया जाएगा। मेट्रो के प्रबंध संचालक एस. कृष्ण चैतन्य के मुताबिक, यह पहल शहर की बदलती लाइफस्टाइल को ध्यान में रखकर लाई गई है, लेकिन इसके पीछे मेट्रो की आय बढ़ाना और खर्चों को संतुलित करना भी एक अहम मकसद है।

मेट्रो अब बनेगी “इवेंट स्पॉट”
इस स्कीम के तहत मेट्रो में बर्थडे पार्टी, किटी पार्टी, प्री-वेडिंग शूट, फिल्म और वेब सीरीज शूटिंग, विज्ञापन और फोटोशूट जैसे आयोजन किए जा सकेंगे। इससे मेट्रो का खाली समय और स्पेस अब सीधे कमाई में बदलेगा।
किराया तय, कमाई का नया जरिया
मेट्रो ने इसके लिए फीस भी तय कर दी है, स्थिर कोच के लिए 5,000 रुपए प्रति घंटा और चलती मेट्रो के लिए 7,000 रुपए प्रति घंटा। साथ ही 20,000 रुपए की सिक्योरिटी डिपॉजिट भी देना होगा। बुकिंग के लिए कम से कम 15 दिन पहले आवेदन करना होगा और “पहले आओ, पहले पाओ” के आधार पर स्लॉट मिलेगा।

सुरक्षा से समझौता नहीं
इवेंट्स के बावजूद मेट्रो में सुरक्षा के नियम सख्त रहेंगे। हर आयोजन से पहले जांच होगी और ज्वलनशील सामान, शराब, धूम्रपान जैसी चीजों पर पूरी तरह रोक रहेगी।
नुकसान से उबरने की कोशिश
स्पष्ट है कि कम यात्रियों की वजह से बढ़ते खर्च ने मेट्रो को नए विकल्प तलाशने पर मजबूर कर दिया है। “Celebration on Wheels” के जरिए अब मेट्रो अपने खाली कोच को कमाई में बदलकर नुकसान की भरपाई करना चाहती है।अगर यह मॉडल सफल रहा, तो आने वाले समय में मेट्रो सिर्फ सफर का साधन नहीं, बल्कि इवेंट और एंटरटेनमेंट का नया केंद्र भी बन सकती है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

