एक्टर इमरान हाशमी (Emraan Hashmi) एक बार फिर अपने पसंदीदा और चर्चित हॉरर जॉनर में वापसी करने जा रहे हैं. जहां इन दिनों उनके फैंस उनकी बहुप्रतीक्षित फिल्म आवारापन 2 (Awarapan 2) का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं, वहीं अब उनकी एक और नई फिल्म का आधिकारिक ऐलान कर दिया गया है. इस फिल्म का नाम “रूह” (Rooh) रखा गया है. खास बात यह है कि इमरान करीब पांच साल बाद किसी हॉरर फिल्म में नजर आने वाले हैं, जिसके चलते उनके फैंस के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है.

बता दें कि इमरान हाशमी (Emraan Hashmi) को लंबे समय से बॉलीवुड का ‘हॉरर किंग’ कहा जाता रहा है. उन्होंने अपने करियर में कई यादगार हॉरर फिल्मों में काम किया है, जिनमें राज, राज 3, एक थी डायन, राज रीबूट जैसी फिल्में शामिल हैं. उनकी आखिरी हॉरर फिल्म Dybbuk थी, जिसे ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज किया गया था. अब लंबे अंतराल के बाद वह फिर से डर और रहस्य से भरी कहानी के साथ बड़े पर्दे पर लौटने के लिए तैयार हैं.
म्यूजिकल हॉरर फिल्म होगी
फिल्म “रूह” (Rooh) को एक हाई-कॉन्सेप्ट म्यूजिकल हॉरर फिल्म बताया जा रहा है. यानी इसमें हॉरर के साथ-साथ संगीत और भावनाओं का भी अनोखा मेल देखने को मिलेगा. फिल्म का निर्देशन मयंक शर्मा कर रहे हैं. इसकी कहानी मयंक शर्मा और विशाल कपूर ने मिलकर लिखी है. विशाल कपूर इससे पहले चर्चित हॉरर फिल्मों Lapachhapi और Chhorii से जुड़े रहे हैं, जिसके कारण ‘रूह’ से भी दर्शकों की उम्मीदें बढ़ गई हैं. फिल्म का निर्माण Wicked Films के बैनर तले किया जा रहा है. इसके निर्माता विक्रम खाखर और सनी खन्ना हैं.
साल 2027 में होगी रिलीज
फिलहाल दर्शक जहां ‘आवारापन 2’ का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं, वहीं “रूह” (Rooh) की घोषणा ने उनकी एक्साइटमेंट को और बढ़ा दिया है. हॉरर फिल्मों में इमरान हाशमी की मजबूत पहचान और फिल्म की दिलचस्प थीम को देखते हुए माना जा रहा है कि ‘रूह’ आने वाले वर्षों की सबसे चर्चित हॉरर फिल्मों में से एक साबित हो सकती है. यह फिल्म साल 2027 में हिंदी, तमिल और तेलुगु भाषाओं में सिनेमाघरों में रिलीज की जाएगी.

