बड़ी वारदात की साजिश की सूचना पर चला सर्च ऑपरेशन, एनटीपीसी फायरिंग केस से भी जुड़ रहे तार
हजारीबाग। झारखंड के हजारीबाग जिले में पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रिंस खान गैंग से जुड़े बदमाशों के साथ मुठभेड़ की। बड़कागांव थाना क्षेत्र के 13 माइल ट्रांसपोर्टिंग रोड के पास हुई इस कार्रवाई में पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक आरोपी घायल हो गया, जबकि उसके कई साथी जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गए। घायल बदमाश को पुलिस सुरक्षा में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के मुताबिक, एसपी अमन कुमार को सूचना मिली थी कि प्रिंस खान गैंग के सदस्य किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की तैयारी में हैं। सूचना के बाद जिले के संवेदनशील इलाकों में विशेष अभियान चलाया गया और बड़कागांव थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम जंगल क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन पर निकली।
बदमाशों ने शुरू की फायरिंग
सर्च के दौरान पुलिस का सामना संदिग्ध अपराधियों से हुआ। पुलिस का दावा है कि बदमाशों ने पहले फायरिंग शुरू की, जिसके जवाब में पुलिस ने भी मोर्चा संभाला। जवाबी कार्रवाई के दौरान एक आरोपी गोली लगने से घायल हो गया, जबकि अन्य बदमाश मौके से भागने में सफल रहे।
फरार आरोपियों की गिरफ़्तारी के लिए छापेमारी जारी
पुलिस का मानना है कि फरार आरोपियों का संबंध हाल ही में एनटीपीसी की हाईवा पर हुई फायरिंग की घटना से भी हो सकता है। इसी मामले के बाद से पुलिस गैंग की गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए हुए थी। घटना के बाद पूरे इलाके में सघन तलाशी अभियान जारी है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
अपराधियों के खिलाफ जारी रहेगा अभियान
पुलिस अधीक्षक अमन कुमार ने कहा कि जिले में अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून को चुनौती देने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने आम नागरिकों से भी अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।


