हजारीबाग। जिले के गिद्दी थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह पुलिस और राहुल दुबे के कथित गुर्गों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो अपराधियों के पैर में गोली लगी, जिसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं, एक अन्य अपराधी जंगल का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।
घायल अपराधियों की पहचान बादल कुमार और रोहित कुमार उर्फ पीटर के रूप में हुई है। दोनों को बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग के शेख भिखारी अस्पताल भेजा गया है। घटना शनिवार सुबह करीब 3:50 बजे की बताई जा रही है।
बड़ी वारदात की सूचना पर पुलिस ने लगाया चेकिंग अभियान
पुलिस के अनुसार, 22 अगस्त की रात करीब 2:30 बजे सूचना मिली थी कि भुरकुंडा की ओर से राहुल दुबे के कुछ गुर्गे गिद्दी थाना क्षेत्र के कोलियारी और ट्रांसपोर्ट रोड के आसपास मोटरसाइकिल से घूम रहे हैं और किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं।
सूचना के सत्यापन और कार्रवाई के लिए गिद्दी थाना पुलिस ने उरीमारी थाना प्रभारी और सशस्त्र बल के साथ इलाके में अभियान शुरू किया। इसके बाद पुराना कांटा घर रोड के आसपास सघन चेकिंग लगाई गई।
पुलिस को देखते ही बाइक मोड़कर भागने लगे
करीब 3:50 बजे भुरकुंडा की ओर से एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन लोग आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया तो बाइक सवारों ने मोटरसाइकिल मोड़कर भागने की कोशिश की। इसी दौरान बाइक गिर गई और तीनों अपराधी जंगल की ओर भागने लगे।
पुलिस के मुताबिक, जंगल से अपराधियों ने पुलिस टीम को निशाना बनाकर फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने भी कार्रवाई की, जिसमें दो अपराधी घायल हो गए। दोनों को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक अपराधी जंगल का फायदा उठाकर भाग निकला।
हथियार, गोली, खोखा और पर्चा बरामद
पुलिस ने घटनास्थल से दो हथियार, गोलियां, खोखे, पर्चा और मोबाइल फोन बरामद किए हैं। फरार अपराधी की तलाश में पुलिस की ओर से आगे की कार्रवाई की जा रही है।
SDPO के नेतृत्व में चला अभियान
छापामारी दल का नेतृत्व बड़कागांव SDPO अमित आनंद ने किया। टीम में गिद्दी थाना प्रभारी इकबाल हुसैन, बड़कागांव थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह, उरीमारी OP प्रभारी रथु उरांव सहित पुलिस अधिकारी और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

