कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। मध्यप्रदेश में एक बार फिर “औकात” अपशब्द ने राजनीति गरमा दी है। इस बार आरोप ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर पर लगा है। मंत्री तोमर पर आम आदमी पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष एड रोहित गुप्ता ने “औकात में रहने” का अपशब्द बोलने का आरोप लगाया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
“तुम्हारी औकात क्या है” बोल दिया
दरअसल मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के बाद ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर पर “औकात” जैसे अपशब्द बोलने का आरोप लगा है। आम आदमी पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष रोहित गुप्ता कार्यकर्ताओं के साथ ऊर्जा मंत्री तोमर के रेसकोर्स रोड सरकारी बंगले पर पहुंचे थे। दोनों के बीच तीखी बहस हो गयी। इस दौरान आरोप है कि मंत्री तोमर ने रोहित गुप्ता से “तुम्हारी औकात क्या है” अपशब्द बोल दिया, जिसे सुनकर सभी कार्यकर्ताओं में आक्रोश फूट गया। मौके पर मौजूद मंत्री के PSO ने बीच बचाव किया।
फ्लैट पर जबरन कब्जा कर लिया
आम आदमी कार्यकर्ताओ ने मौके पर कहा कि “हमने ही मंत्री बनाया था, हमे ही औकात बताई जा रही है, अगली बार मंत्री नहीं बन पाओगे”,जिसे सुनकर मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर बंगले में अंदर रवाना हो गए। रोहित गुप्ता का कहना है कि वह अपने कार्यकर्ताओं और क्षेत्रीय लोगों के साथ मंत्री तोमर के बंगले पर पहुंचे थे। मंत्री को यह बताया जा रहा था की गौरव बाजपेयी नाम का भूमाफिया खुद को मंत्री तोमर का समर्थक बताता है। उसने ओबीसी महासभा के संस्थापक राष्ट्रीय अध्यक्ष विजय कुमार के फ्लैट पर जबरन कब्जा कर लिया है।
मंत्री के संरक्षण में ही भूमाफिया पनप रहे
पुलिस कार्रवाई कर नहीं रही है, जब भी गौरव से फ्लैट खाली करने के लिए कहा जाता है वह ऊर्जा मंत्री के बंगले पर आकर बात करने की कहता है। इस बात को सुनकर मंत्री तोमर गुस्सा हो गए। उन्होंने कहा कि “तुम्हारी औकात है मुझसे ऐसे बात करने की”,जिससे साफ होता है कि मंत्री तोमर के संरक्षण में ही भूमाफिया पनप रहे है। रोहित गुप्ता का यह भी कहना है कि जल्द ही बैठक कर आगामी रणनीति बनाई जाएगी। फिलहाल मंत्री तोमर और रोहित गुप्ता के बीच तीखी बहस का वीडियो जमकर वायरल हो रहा है।

