Lifestyle Desk – बारिश का मौसम आते ही घरों में चाय और गरमा-गरम पकौड़ों की खुशबू माहौल को खास बना देती है. भारत में पकौड़े केवल एक स्नैक नहीं, बल्कि एक ऐसी परंपरा और एहसास हैं, जो परिवार और दोस्तों को एक साथ बैठकर मौसम का आनंद लेने का मौका देते हैं. प्याज, आलू, हरी मिर्च, पालक या अन्य सब्जियों को बेसन, चावल के आटे और मसालों के घोल में डुबोकर तैयार किए जाने वाले पकौड़े हर उम्र के लोगों की पसंद होते हैं. हालांकि, इन्हें डीप फ्राई करने की वजह से कई लोग इनके अधिक तेल वाले होने को लेकर चिंता भी जताते हैं.

अक्सर देखा जाता है कि पकौड़े तलने के बाद लोग उन्हें टिश्यू पेपर पर निकालते हैं, ताकि अतिरिक्त तेल उसमें सोख लिया जाए. यह तरीका काफी समय से अपनाया जा रहा है, लेकिन सोशल मीडिया पर कई मास्टरशेफ और कुकिंग एक्सपर्ट्स का मानना है कि यह हमेशा सबसे प्रभावी तरीका नहीं होता. उनके अनुसार, टिश्यू पेपर केवल ऊपर की सतह पर मौजूद थोड़ा-बहुत तेल ही सोख पाता है. वहीं, पकौड़ों से निकलने वाली भाप टिश्यू में फंस जाती है, जिससे उनका बाहरी हिस्सा कुछ ही देर में नरम पड़ने लगता है और उनकी करारी क्रंच कम हो जाती है.

अतिरिक्त तेल कम करने का बेहतर तरीका

पकौड़ों को कढ़ाई से निकालने के बाद सीधे टिश्यू पेपर पर रखने के बजाय उन्हें सबसे पहले वायर रैक या जालीदार छलनी पर 2 से 3 मिनट के लिए रखें. इससे अतिरिक्त तेल नीचे टपक जाएगा और चारों ओर से हवा मिलने के कारण भाप भी बाहर निकल जाएगी. इसका फायदा यह होगा कि पकौड़े लंबे समय तक कुरकुरे बने रहेंगे.

स्टील की जाली में रखें

यदि वायर रैक उपलब्ध नहीं है, तो एक बड़े बर्तन पर स्टील की जाली या छलनी रखकर भी यही तरीका अपनाया जा सकता है. इसके बाद चाहें तो हल्के से टिश्यू पेपर की मदद से ऊपर की सतह का अतिरिक्त तेल सोख सकते हैं.

पकौड़े कम तेल सोखें, इसके लिए अपनाएं ये टिप्स

  1. बैटर न तो बहुत पतला रखें और न ही बहुत गाढ़ा.
  2. बेसन के साथ थोड़ा चावल का आटा मिलाने से पकौड़े ज्यादा कुरकुरे बनते.
  3. तेल का तापमान लगभग 170 से 180 डिग्री सेल्सियस के बीच होना चाहिए. बहुत ठंडे तेल में पकौड़े अधिक तेल सोख लेते हैं.
  4. एक साथ बहुत सारे पकौड़े कढ़ाई में न डालें, इससे तेल का तापमान कम हो जाता है.
  5. पकौड़ों को सुनहरा होने तक ही तलें, जरूरत से ज्यादा तलने से उनका स्वाद और बनावट दोनों प्रभावित हो सकते हैं.

स्वाद भी, सेहत भी

पकौड़े पूरी तरह “ऑयल-फ्री” नहीं बनाए जा सकते, क्योंकि इन्हें तेल में तला जाता है. हालांकि, सही तकनीक अपनाकर इनमें मौजूद अतिरिक्त तेल को काफी हद तक कम किया जा सकता है. साथ ही, सही तापमान पर तलने और वायर रैक पर निकालने जैसी छोटी-छोटी आदतें पकौड़ों को ज्यादा कुरकुरा और स्वादिष्ट बनाए रखने में मदद करती हैं. अगर इस बारिश के मौसम में आप भी चाय के साथ पकौड़ों का आनंद लेना चाहते हैं, तो इस आसान ट्रिक को जरूर अपनाएं. इससे न सिर्फ पकौड़ों की करारी बनावट बनी रहेगी, बल्कि उनमें अतिरिक्त तेल भी कम रहेगा और हर बाइट पहले जैसी स्वादिष्ट लगेगी.