Lifestyle Desk – शाम की चाय का मजा तभी दोगुना हो जाता है, जब साथ में कुछ कुरकुरा, चटपटा और स्वादिष्ट खाने को मिल जाए। लेकिन बाजार से मिलने वाले पैकेटबंद नमकीन में तेल की गुणवत्ता और कई तरह के प्रिजर्वेटिव्स को लेकर मन में हमेशा चिंता रहती है। ऐसे में क्यों न घर पर ही एकदम ताजा और स्वादिष्ट नमकीन तैयार की जाए?

आज हम बना रहे हैं पोहा, मूंगफली, मखाने और कुछ चटपटे मसालों से बनने वाला खट्टा-मीठा नमकीन। यह बनाने में बेहद आसान है और स्वाद में बाजार के नमकीन को भी टक्कर देता है। सबसे अच्छी बात यह है कि इसमें आपको पता होता है कि कौन-सी सामग्री इस्तेमाल हो रही है। तो चलिए, बिना ज्यादा मेहनत के घर पर बनाते हैं कुरकुरा, चटपटा और खट्टा-मीठा नमकीन, जो बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को खूब पसंद आएगा। आइए जानते हैं इसकी आसान सी रेसिपी।

सामग्री

पोहा (पतला) – 2 कप
मखाने – 1 कप
मूंगफली – ½ कप
भुना चना – ½ कप
काजू – ¼ कप
किशमिश – 2 बड़े चम्मच
तेल – 2 बड़े चम्मच
करी पत्ता – 10–12
हरी मिर्च – 2 बारीक कटी हुई
हल्दी – ½ छोटा चम्मच
लाल मिर्च पाउडर – ½ छोटा चम्मच
धनिया पाउडर – ½ छोटा चम्मच
अमचूर पाउडर – 1 छोटा चम्मच
काला नमक – ½ छोटा चम्मच
साधारण नमक – स्वादानुसार
चीनी या पिसी हुई शक्कर – 1–1½ छोटा चम्मच
हींग – 1 चुटकी
चाट मसाला – ½ छोटा चम्मच

विधि

  1. एक बड़ी कड़ाही को धीमी-मध्यम आंच पर गर्म करें। इसमें पोहा डालकर लगातार चलाते हुए 4–5 मिनट तक भूनें, जब तक वह हल्का कुरकुरा न हो जाए। इसे एक प्लेट में निकाल लें।
  2. उसी कड़ाही में 1 छोटा चम्मच तेल डालकर मखानों को 4–5 मिनट भूनें। फिर मूंगफली, भुना चना और काजू डालकर सुनहरा और कुरकुरा होने तक भूनें।
  3. बचा हुआ तेल डालें। इसमें हींग, करीपत्ता और हरी मिर्च डालकर कुछ सेकंड भूनें।गैस धीमी कर दें और हल्दी, लाल मिर्च, धनिया पाउडर और काला नमक डालें। मसालों को कुछ सेकंड ही भूनें ताकि वे जलें नहीं।
  4. अब भुना हुआ पोहा, मखाने, मूंगफली,चना और काजू डालकर अच्छी तरह मिलाएं।गैस बंद कर दें। अब अमचूर पाउडर, चाट मसाला और पिसी हुई चीनी डालकर अच्छी तरह टॉस करें। अंत में किशमिश डालें।नमकीन को पूरी तरह ठंडा होने दें और फिर एयरटाइट डिब्बेमें भरकर रखें।

हल्दीराम जैसा स्वाद पाने की छोटी-सी ट्रिक

खट्टा-मीठा स्वाद संतुलित रखने के लिए अमचूर और चीनी को गैस बंद करने के बाद डालें। चाहें तो 1–2 चुटकी अनारदाना पाउडर भी डाल सकते हैं—इससे स्वाद और ज्यादा चटपटा हो जाएगा।