संजय पाटीदार, भोपाल। नेपाल में अचानक आई विनाशकारी बाढ़ ने भारी तबाही मचा दी है। इस प्राकृतिक आपदा में सैकड़ों लोगों की जान जा चुकी है, जबकि बड़ी संख्या में लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं। इसी बीच भोपाल से भी एक बेहद चिंताजनक खबर सामने आई है। भोपाल के कोलार इलाके की रहने वाली देवकी अधिकारी का पूरा परिवार नेपाल में बाढ़ के बाद लापता है। परिवार के 29 सदस्यों से 24 घंटे से ज्यादा समय से संपर्क नहीं हो पा रहा है।
देवकी अधिकारी ने बताया मेरे जेठ-जेठानी, देवर-देवरानी, दीदी-जीजाजी को मिलाकर कुल 29 लोग वहां गए हैं। सभी लोग जोड़े से नेपाल के रसुवा जिले में स्थित गोसाईकुंडा तीर्थ में घूमने गए थे। इसी दौरान वहां आई इस बाढ़ में फंस गए। ये सभी लोग जोड़े से वहां एक तीर्थ की यात्रा करने गए हैं देवकी अधिकारी के मुताबिक, परिजनों से आखिरी बार बुधवार सुबह करीब साढ़े 9 बजे बातचीत हुई थी। उस वक्त परिवार के लोगों ने बताया था कि अचानक बाढ़ आने की सूचना मिली है और वे अपनी जान बचाने के लिए पहाड़ की ओर जा रहे हैं। बाद में उन्होंने किसी की छत पर शरण लेने की जानकारी दी और वहीं से फोन पर बातचीत हुई। इसके बाद से परिवार के किसी भी सदस्य से संपर्क नहीं हो सका है।
ये भी पढ़ें: नेपाल में बाढ़-आपदा के बीच MP सरकार का बड़ा फैसला: दिल्ली में बनाया कंट्रोल रूम, जारी किए हेल्पलाइन नंबर 011-26772005, 9818963273
24 घंटे से ज्यादा समय बीत जाने के बाद भी कोई जानकारी नहीं मिलने से देवकी और उनके परिजनों की चिंता बढ़ती जा रही है। परिवार को अब भी उम्मीद है कि नेपाल में फंसे उनके सभी अपने सुरक्षित होंगे और जल्द ही उनकी कोई खबर मिलेगी। देवकी अधिकारी ने मीडिया को बताया कि आखिरी बातचीत में बड़े भाई ने बताया था कि सभी की जान खतरे में है और वे पहाड़ पर छिपे हुए हैं। उन्होंने बच्चों का ध्यान रखने की बात भी कही थी। इसी दौरान फोन कट गया और उसके बाद से किसी से संपर्क नहीं हो सका।
परिजन लगातार नेपाल में अधिकारियों और संबंधित एजेंसियों से संपर्क कर अपनों की सुरक्षित वापसी की जानकारी जुटा रहे हैं। नेपाल में फंसे मध्यप्रदेश के लोगों की मदद के लिए राज्य सरकार ने नई दिल्ली में कंट्रोल रूम बनाया है। सरकार ने सहायता के लिए 011-26772005 हेल्पलाइन और 9818963273 व्हाट्सअप नंबर जारी किया है। नेपाल में फंसे नागरिक या उनके परिजन इन नंबरों पर संपर्क कर जानकारी और मदद ले सकते हैं।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


