शब्बीर अहमद, भोपाल। देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा ‘नीट’ (NEET) को लेकर राजधानी भोपाल के सभी परीक्षा केंद्रों पर रविवार को बेहद सख्त और कड़े नियमों के तहत छात्र-छात्राओं को प्रवेश दिया गया। परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए इस बार सुरक्षा और जांच के अभूतपूर्व इंतजाम देखने को मिले। केंद्रों पर सुरक्षा इतनी कड़ी थी कि परीक्षार्थियों से ज्यादा उनके बाहर खड़े अभिभावक (Parents) तनाव में नजर आए।

पांच-स्तरीय सुरक्षा चेकिंग, इन चीजों पर रहा कड़ा प्रतिबंध

परीक्षा केंद्रों के भीतर प्रवेश देने से पहले सभी अभ्यर्थियों की पांच अलग-अलग स्तरों (5-Layered Checking) पर सघन जांच की गई। नियमों का पालन इतनी कड़ाई से कराया गया कि किसी भी प्रकार की ढील नहीं दी गई। परीक्षा कक्ष के भीतर घड़ी, चेन, अंगूठी, कड़े या किसी भी अन्य प्रकार के आभूषण और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने पर पूरी तरह प्रतिबंध रहा।अभ्यर्थियों को ऐसी पानी की बोतलें भी अंदर ले जाने की अनुमति नहीं दी गई, जिन पर किसी ब्रांड का स्टीकर लगा हुआ था।

बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन: फ्रिस्किंग के साथ-साथ सभी का डिजिटल और बायोमेट्रिक सत्यापन पूरा होने के बाद ही उन्हें सीट तक जाने दिया गया। बाहर खड़े अभिभावक लगातार यही दुआ करते दिखे कि इस बार परीक्षा बिना किसी तकनीकी गड़बड़ी या विवाद के शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो जाए।

डिजिटल बेल के साथ समाप्त हुई समय-सीमा
दोपहर में परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश की समय-सीमा समाप्त होते ही लाउडस्पीकर से अनाउंसमेंट की गई और एक डिजिटल बेल (Digital Bell) बजाकर मुख्य द्वारों को लॉक कर दिया गया। ठीक दोपहर 1:30 बजे सभी नीट सेंटर्स के गेट पूरी तरह बंद कर दिए गए।

30 सेकंड की देरी पड़ी भारी, मिन्नतों के बाद भी 3 छात्राओं को नहीं मिली एंट्री

गेट बंद होने के दौरान परीक्षा केंद्रों के बाहर बेहद भावुक और परेशान करने वाले दृश्य भी देखने को मिले। भोपाल के एक केंद्र पर महज 30 सेकंड से 1 मिनट की देरी से पहुंचीं तीन छात्राओं को एंट्री देने से साफ इनकार कर दिया गया। छात्राओं और उनके परिजनों ने गेट पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों और अधिकारियों के सामने हाथ जोड़े, रोते हुए अंदर जाने देने के लिए कई मिन्नतें कीं, लेकिन कड़े नियमों का हवाला देते हुए प्रशासन ने गेट नहीं खोला। महज चंद सेकंड्स के फासले की वजह से इन छात्राओं की सालभर की मेहनत और भविष्य दांव पर लग गया और उन्हें बिना परीक्षा दिए ही केंद्र से निराश लौटना पड़ा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m