कुमार इंदर, जबलपुर। जबलपुर में आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। EOW की टीम ने जबलपुर नगर निगम के प्रभारी सहायक स्वास्थ्य अधिकारी शपोला राव के ठिकानों पर तड़के छापा मारा। यह कार्रवाई आय से अधिक संपत्ति (Disproportionate Assets) की शिकायत मिलने के बाद की गई है। शुरुआती जांच में ही अधिकारी के पास अकूत संपत्ति होने के दस्तावेज बरामद हुए हैं।
लाखों की जमीन, फ्लैट और लग्जरी गाड़ियों का खुलासा
EOW की सर्चिंग के दौरान अब तक की जांच में आरोपी अधिकारी शपोला राव के पास भारी-भरकम चल और अचल संपत्ति होने का पता चला है, जिसमें मुख्य रूप से शामिल हैं। शहर में एक आलीशान फ्लैट, करीब 10 हजार वर्गफुट का एक आवासीय भूखंड (प्लॉट) और आंध्र प्रदेश में स्थित कीमती कृषि भूमि के दस्तावेज। घर के परिसर से 1 चार पहिया (कार) और 4 दोपहिया वाहन बरामद किए गए हैं।
बैंक खाते और बीमा पॉलिसियों के दस्तावेज जब्त
छापेमारी के दौरान टीम ने घर के कोने-कोने की तलाशी ली। इस दौरान शपोला राव और उनके परिजनों के नाम पर मौजूद कई बैंक खातों की पासबुक, फिक्स डिपॉजिट (FD), जीवन बीमा पॉलिसियों (Insurance Policies) के पेपर्स और भारी मात्रा में नकद लेन-देन से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए गए हैं।
संपत्ति का मूल्यांकन जारी, बढ़ सकता है आंकड़ा
EOW के अधिकारियों के मुताबिक, फिलहाल बरामद किए गए दस्तावेजों और संपत्तियों का बारीकी से मूल्यांकन (Valuation) किया जा रहा है। जांच एजेंसियां अधिकारी की वास्तविक वैध आय और उनके पास मिली इस बेहिसाब संपत्ति के बीच के अंतर का आकलन करने में जुटी हैं। माना जा रहा है कि बैंक लॉकरों के खुलने और पूरी जांच होने के बाद इस काली कमाई का आंकड़ा और भी बड़ा हो सकता है। इस कार्रवाई के बाद से नगर निगम गलियारे में हड़कंप मचा हुआ है।

