इटावा रेलवे जंक्शन को शुक्रवार रात बम से उड़ाने की धमकी मिली, जिसके बाद पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल ने तलाशी अभियान चलाया. करीब तीन घंटे की जांच में कोई विस्फोटक सामग्री नहीं मिली और अज्ञात कॉलर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई.
इटावा. रेलवे जंक्शन को शुक्रवार रात बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद रेलवे प्रशासन और पुलिस में अफरा-तफरी मच गई. स्टेशन मास्टर के वीएचएफ सेट पर आए एक अज्ञात कॉल में प्लेटफॉर्म नंबर-3 पर बम रखे होने की बात कही गई. इसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने स्टेशन परिसर में तलाशी अभियान चलाया.
तीन घंटे चला तलाशी अभियान
जानकारी के मुताबिक, रात करीब 10:30 बजे अज्ञात व्यक्ति ने स्टेशन मास्टर के वीएचएफ सेट पर संपर्क कर प्लेटफॉर्म नंबर-3 पर बम होने की सूचना दी. दिल्ली-हावड़ा रेल मार्ग पर स्थित इस स्टेशन पर धमकी की खबर मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) अलर्ट हो गईं.
डॉग स्क्वायड और जिला पुलिस की टीमें भी स्टेशन पहुंचीं. पुलिस और रेलवे की संयुक्त टीमों ने एंटी एक्सप्लोसिव टीम के साथ जांच शुरू की. प्लेटफॉर्म नंबर-3 के अलावा स्टेशन के दूसरे प्लेटफॉर्म और यात्री प्रतीक्षालय की भी तलाशी ली गई. करीब तीन घंटे तक चले सर्च ऑपरेशन के बावजूद कहीं भी बम या अन्य विस्फोटक सामग्री नहीं मिली.
एसएसपी ने लिया जायजा
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव भी रेलवे स्टेशन पहुंचे. उन्होंने बम निरोधक दस्ते के साथ सुरक्षा इंतजामों का निरीक्षण किया.
अज्ञात कॉलर की तलाश
ऑन ड्यूटी स्टेशन अधीक्षक की सूचना के आधार पर जीआरपी थाने में अज्ञात कॉलर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस अब वीएचएफ सेट पर धमकी देने वाले व्यक्ति की पहचान करने में जुटी है. धमकी किसने दी और इसके पीछे क्या वजह थी, पुलिस इसकी जांच कर रही है.

