अनमोल मिश्रा, सतना। सतना जिले के रामपुर बघेलान में अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची आबकारी टीम को धमकाने और शासकीय कार्य में बाधा डालने का मामला सामने आया है। कार्रवाई के दौरान आबकारी कर्मचारियों से बहस और धमकाने का वीडियो भी सामने आया है। मामले में आबकारी उपनिरीक्षक सुदर्शन विक्रमादित्य पाण्डेय की शिकायत पर पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

तलाशी में मिलीं 48 पाव देशी शराब

एफआईआर के मुताबिक 11 सितंबर की शाम आबकारी टीम को ग्राम जमुना में लवकुश सिंह द्वारा अवैध शराब बेचने की सूचना मिली थी। टीम करीब 6 बजे उसके घर पहुंची। तलाशी के दौरान खाकी रंग के कार्टून से 48 पाव देशी शराब बरामद होने का दावा किया गया है।

इसी दौरान लवकुश सिंह, हरिओम सिंह और मूरत साकेत ने आबकारी कर्मचारियों से गाली-गलौज शुरू कर दी। शिकायत के अनुसार आरोपियों ने कार्रवाई का विरोध करते हुए शासकीय कार्य में बाधा डाली और कर्मचारियों के साथ मारपीट की। साथ ही दोबारा शराब की कार्रवाई के लिए आने पर जान से खत्म करने की धमकी दी।

वीडियो में शराब बिक्री से इनकार, फिर लाठी उठाने की बात

घटना का एक वीडियो भी सामने आया है। इसमें आबकारी टीम की कार्रवाई के दौरान लवकुश सिंह शराब बेचने से इनकार करता नजर आ रहा है। उसकी दुकान के कचरा डिब्बे में शराब की कई खाली क्वाटर मिलने पर वह कथित तौर पर कहता है कि लोग यहां बैठकर शराब पीते हैं, वह बिक्री नहीं करता।

वीडियो में आबकारी टीम से बहस के दौरान लवकुश यह कहते भी सुनाई दे रहा है कि अगर अवैध शराब पकड़नी है तो वह पकड़वाने के लिए ले चलता है। टीम द्वारा उसकी बात को नजरअंदाज करने पर वह साथियों से कथित तौर पर कहता है- ‘उठाओ लाठी, बहुत हो गया।’ हालांकि वायरल वीडियो में इसके बाद का घटनाक्रम स्पष्ट नहीं है।

तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज

घटना के बाद आबकारी उपनिरीक्षक ने रामपुर बघेलान थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने लवकुश सिंह पटेल, हरिओम सिंह और मूरत साकेत के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 296(क), 132, 351(3), 324(4) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस मामले की विवेचना कर रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m