परवेज खान, यमुनानगर। शहर में आयोजित मुख्यमंत्री के सरकारी कार्यक्रम में कांग्रेस से निष्कासित विधायकों की मौजूदगी ने हरियाणा की राजनीति में नई हलचल पैदा कर दी है। कार्यक्रम के दौरान साढ़ौरा से विधायक रेणु बाला ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की खुलकर तारीफ की, जिसके बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।
दरअसल, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी यमुनानगर पहुंचे थे, जहां उन्होंने करीब 9 बड़ी विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। कार्यक्रम के दौरान मंच पर कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे, लेकिन सबसे ज्यादा चर्चा साढ़ौरा विधायक रेणु बाला की मौजूदगी और उनके बयान की रही। रेणु बाला ने मुख्यमंत्री की तारीफ करते हुए कहा कि महिलाओं को सशक्त करने के लिए मुख्यमंत्री द्वारा की जा रही पहल सराहनीय है। उन्होंने कहा कि सरकार महिलाओं के उत्थान के लिए लगातार काम कर रही है और इसका लाभ प्रदेश की महिलाओं को मिल रहा है।

बीजेपी में शामिल होने को लेकर सवाल पूछा
हालांकि, जब मीडिया ने उनसे बीजेपी में शामिल होने को लेकर सवाल पूछा तो उन्होंने सीधा जवाब देने से बचते हुए कहा कि फिलहाल ऐसा कोई विचार नहीं है। बीजेपी में एंट्री को लेकर लगातार उठ रहे सवालों पर उन्होंने गोलमोल जवाब दिया। रेणु बाला ने साफ कहा कि उन्होंने हमेशा साढ़ौरा क्षेत्र के विकास के लिए काम किया है और आगे भी करती रहेंगी। साढ़ौरा की जनता और क्षेत्र का विकास ही उनकी पहली प्राथमिकता है।
पांच विधायकों को बीजेपी अपने पाले में लाने की कोशिश कर रही
राजनीतिक जानकारों की मानें तो कांग्रेस से निष्कासित पांच विधायकों को बीजेपी अपने पाले में लाने की कोशिश कर रही है। यही वजह है कि इन नेताओं की सरकारी और बीजेपी के कार्यक्रमों में मौजूदगी लगातार चर्चाओं में बनी हुई है। जब रेणु बाला से इस पूरे राजनीतिक घटनाक्रम पर अंतिम सवाल पूछा गया तो उन्होंने मुस्कुराते हुए सिर्फ इतना कहा— “नो कमेंट्स।

