बराड़ा। पब्लिक गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल बराड़ा में सोमवार को रोटरी क्लब बराड़ा के सहयोग से नेत्र जांच शिविर लगाया गया। इसमें कपिल आई अस्पताल बराड़ा के डॉक्टरों की टीम ने करीब 170 बच्चों की आंखों की जांच की। इस दौरान डॉक्टरों ने बच्चों की आंखों से जुड़ी समस्याओं की पहचान कर उन्हें उचित परामर्श दिया।
शिविर का मुख्य उद्देश्य बच्चों को आंखों के स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना और दृष्टि संबंधी समस्याओं का समय रहते पता लगाना था। डॉक्टरों ने बच्चों को आंखों की देखभाल के जरूरी तरीके बताए। उन्होंने कहा कि बच्चों की आंखों की नियमित जांच कराना जरूरी है, ताकि किसी भी समस्या का समय रहते पता लगाकर उचित उपचार किया जा सके।
इस अवसर पर रोटरी क्लब बराड़ा के उपप्रधान पूर्ण छाबड़ा, सचिव साहिल वर्मा और कोषाध्यक्ष दिलप्रीत सिंह सहित क्लब के अन्य सदस्य मौजूद रहे। क्लब सदस्यों ने कहा कि बच्चों का स्वास्थ्य और शिक्षा समाज के उज्ज्वल भविष्य की नींव हैं। इसी उद्देश्य से रोटरी क्लब समय-समय पर स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित कर समाजसेवा के कार्यों में योगदान दे रहा है।
स्कूल के प्रिंसिपल दिलप्रीत सिंह ने रोटरी क्लब और कपिल आई अस्पताल की डॉक्टरों की टीम का आभार जताया। उन्होंने कहा कि इस तरह के शिविर बच्चों के स्वास्थ्य की देखभाल के साथ-साथ उनमें जागरूकता बढ़ाने में भी अहम भूमिका निभाते हैं।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

