सोनीपत। हरियाणा के सोनीपत जिले के खरखौदा में स्वास्थ्य विभाग और सीएम फ्लाइंग की टीम ने एक बड़े फर्जीवाड़े का पर्दाफाश किया है। दिल्ली चौक के पास स्थित पीसी मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल में छापेमारी के दौरान बिना किसी वैध डिग्री, रजिस्ट्रेशन या अनुमति के अस्पताल संचालित होता पाया गया। कार्रवाई के दौरान अस्पताल में कोई योग्य डॉक्टर मौजूद नहीं था और मरीजों की जान से खिलवाड़ करते हुए अनट्रेंड स्टाफ इलाज कर रहा था।

अस्पताल का संचालक अनिल केवल 12वीं पास

जांच में सामने आया कि अस्पताल का संचालक अनिल केवल 12वीं पास है और उसने सिर्फ जीएनएम का कोर्स किया है। वह साल 2021 से करीब 40 हजार रुपये मासिक किराए की बिल्डिंग में यह अवैध अस्पताल चला रहा था। छापेमारी के वक्त सांस की बीमारी से पीड़ित एक महिला मरीज वहां भर्ती मिली, जिसका इलाज बिना किसी विशेषज्ञ डॉक्टर की देखरेख के किया जा रहा था। टीम को मौके पर पांच ऐसे कर्मचारी मिले जिनके पास कोई मेडिकल डिग्री नहीं थी।

बिना अनुमति के लैब और फार्मेसी का संचालन

अस्पताल के भीतर बिना अनुमति के लैब और फार्मेसी भी संचालित की जा रही थी। लैब चलाने वाला युवक दूसरे व्यक्ति के लाइसेंस का इस्तेमाल कर रहा था। स्वास्थ्य विभाग ने मौके से दवाइयां और अन्य उपकरण जब्त कर लिए हैं और अस्पताल को सील करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। खरखौदा स्वास्थ्य विभाग के डॉक्टरों ने इस लापरवाही को जानलेवा बताया है। सीएम फ्लाइंग की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।