कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। जिले की मोहना पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए फर्जी इंटरनेशनल कॉल सेंटर का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मौके से अमेरिकी नागरिकों से ऑनलाइन लोन दिलाने के नाम पर साइबर ठगी करने वाले 4 शातिर आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। यह गिरोह एनएच-46 स्थित ‘जैनपथ होटल’ के कमरों से पिछले 5 महीनों से अपना नेटवर्क चला रहा था।
होटल के कमरे से चल रहा था ठगी का खेल
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि मोहना थाना क्षेत्र के जैनपथ होटल में संदिग्ध गतिविधियां चल रही हैं। सूचना मिलते ही जब पुलिस ने होटल के कमरा नंबर-6 में दबिश दी, तो वहां चार युवक लैपटॉप पर काम करते मिले। पूछताछ और जांच में सामने आया कि ये आरोपी अमेरिका में स्थित प्रसिद्ध “लेंडिंग क्लब” (Lending Club) कंपनी के फर्जी एजेंट बनकर अमेरिकी नागरिकों को लोन दिलाने का झांसा देते थे।
गिरफ्तार आरोपी और फर्जी पहचान
पुलिस ने मौके से निम्नलिखित 4 आरोपियों को दबोचा है:
राजपूत अभिषेक राजकुमार (फर्जी नाम: Frank)
शुभोम विश्वनाथ घोष (फर्जी नाम: Luis Hamilton)
आर्यन राजपूत उर्फ लाला (फर्जी नाम: Bruce)
शिवेन्द्र नरेन्द्र सिंह परिहार
ठगी का तरीका: SSN डेटा और गिफ्ट कार्ड्स
यह गिरोह अमेरिकी नागरिकों को अपने जाल में फंसाकर उनसे सोशल सिक्योरिटी नंबर (SSN) और बैंक संबंधी संवेदनशील जानकारियां हासिल कर लेता था। इसके बाद लोन की प्रोसेसिंग फीस और अन्य शुल्कों के नाम पर उनसे एप्पल (Apple) गिफ्ट कार्ड, नाइकी (Nike) गिफ्ट कार्ड और अन्य वाउचर्स के रूप में पैसे ऐंठता था।
अहमदाबाद का मास्टरमाइंड फरार
इस पूरे गिरोह का मुख्य सरगना अहमदाबाद (गुजरात) का रहने वाला प्रबल प्रताप परिहार है, जो फिलहाल फरार चल रहा है। जांच में खुलासा हुआ है कि प्रबल प्रताप के निर्देश पर ही यह फर्जी कॉल सेंटर संचालित हो रहा था। वह इन युवकों को काम के बदले प्रतिमाह ₹15,000 से ₹20,000 सैलरी और ठगी की गई कुल रकम पर 5% कमीशन देता था। पुलिस ने मौके से 4 लैपटॉप, 7 मोबाइल फोन, हेडफोन, ठगी करने के लिए इस्तेमाल की जाने वाली स्क्रिप्ट जब्त की है।
अमेरिकी ग्राहकों का डेटा
मामले की गंभीरता को देखते हुए ग्वालियर पुलिस इस इंटरनेशनल साइबर क्राइम की जानकारी अमेरिका की केंद्रीय जांच एजेंसी FBI (Federal Bureau of Investigation) को भेजने की तैयारी में है। पुलिस की एक विशेष टीम मुख्य सरगना प्रबल प्रताप सिंह परिहार की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


