Fakhar Zaman suspended by PCB: इन दिनों पाकिस्तान में पीएसएल 2026 चल रहा है. यह इस लीग का 11वां सीजन है. सीजन के आगाज को कुछ ही दिन हुए हैं और बॉल टेम्परिंग विवाद गहरा गया है. पाकिस्तान टीम का एक स्टार बैटर इस कांड में दोषी पाया गया है.

Fakhar Zaman suspended by PCB: पाकिस्तान क्रिकेट का विवादों से पुराना नाता है. इन दिनों चल रहे PSL के 11वें सीजन में 2 मुद्दे गरमाए हैं. पहला होटल कांड, जिसमें शाहीन अफरीदी पर 10 लाख पाकिस्तान रुपए का जुर्माना लगाया गया है और दूसरा बॉल टेम्परिंग स्कैंडल, जिसमें लाहौर कलंदर्स के स्टार बल्लेबाज फखर जमां फंस गए हैं. ‘बॉल टेम्परिंग’ यानी गेंद से छेड़छाड़ के गंभीर मामले में वो दोषी पाए गए हैं. उन्हें पीएसएल में अगले 2 मैचों के लिए सस्पेंड कर दिया गया है. ये वही फखर जमां हैं, जो 2017 की चैंपियंस ट्रॉफी में पाकिस्तान की ऐतिहासिक जीत के हीरो थे. पाकिस्तान ने टीम इंडिया को मात देकर खिताब जीता था.

क्या है पूरा मामला? मैदान पर मची खलबली

बॉल टेम्परिंग का यह कांड पीएसएल 2026 में सामने आया है. कराची किंग्स और लाहौर कलंदर्स के बीच गद्दाफी स्टेडियम में खेले गए मैच के दौरान फखर जमां ने गेंद के साथ छेड़छाड़ की थी, ताकि गेंदबाजों को मदद मिल सके. कराची की पारी के आखिरी ओवर से पहले, जब उन्हें जीत के लिए 14 रनों की जरूरत थी, फखर जमां को कप्तान शाहीन अफरीदी और हारिस रऊफ के साथ चर्चा करते देखा गया था. इसके वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुए थे. एक वीडियो में कथित तौर पर फखर को गेंद की स्थिति से छेड़छाड़ करते हुए पाया गया.

29 मार्च को हुए मैच की घटना

जिस वक्त मैदान पर यह सब कुछ हो रहा था, तभी मैदानी अंपायर फैसल अफरीदी ने तुरंत हस्तक्षेप किया था और गेंद का निरीक्षण किया था. धांधली का शक होने पर अंपायरों ने न केवल गेंद बदली थी, बल्कि लाहौर कलंदर्स पर 5 रनों की पेनल्टी भी लगा दी थी. उस मुकाबले में 5 रनों की कटौती के चलते कराची को आखिरी ओवर में सिर्फ 9 रन चाहिए थे, जिसे उन्होंने आसानी से हासिल कर लिया था और लाहौर को हार का सामना करना पड़ा. यह मुकाबला 29 मार्च को खेला गया था.

PCB ने लिया कड़ा एक्शन

अब इस पूरे मामले में मैच रेफरी रोशन महानामा ने फखर जमां पर पीएसएल आचार संहिता के अनुच्छेद 2.14 (लेवल 3) के तहत आरोप लगाए थे. जांच के बाद जब मामले पर सुनवाई हुई तो फखर ने सुनवाई के दौरान सभी आरोपों से इनकार किया, लेकिन सबूतों के आधार पर पीसीबी ने उन्हें दोषी करार दिया है. मंगलवार यानी 31 मार्च को पीसीबी ने पुष्टि की कि फखर जमां को अगले दो PSL मैचों के लिए निलंबित कर दिया गया है. इसका मतलब यह है कि फखर अब मुल्तान सुल्तांस (3 अप्रैल) और इस्लामाबाद यूनाइटेड (9 अप्रैल) के खिलाफ होने वाले अहम मैचों से बाहर रहेंगे.

फखर जमां: टीम इंडिया के खिलाफ वो ऐतिहासिक शतक

ये वही बाएं हाथ के ओपनर फखर जमां हैं, जो पाकिस्तान के उन गिने-चुने बल्लेबाजों में से हैं, जिन्होंने ICC टूर्नामेंट्स के बड़े मैचों में अपनी छाप छोड़ी है. टीम इंडिया के फैंस इस खिलाड़ी को 2017 की ICC चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल के लिए याद करते हैं. उस मुकाबले में फखर ने भारत के खिलाफ 114 रनों की तूफानी पारी खेली थी, जो ऐतिहासिक साबित हुई. क्योंकि उस मुकाबले में पाकिस्तान ने भारत को हराकर खिताब जीता था. खास बात यह है कि फखर पाकिस्तान के लिए वनडे में डबल सेंचुरी जमाने वाले इकलौते खिलाड़ी हैं. वह अब तक 3 टेस्ट में 192 रन बना चुके हैं. 92 वनडे में 3861 रन बनाए हैं, जबकि T20 के 120 मैचों में 2494 रन बनाए हैं.