शिवम मिश्रा, रायपुर। अब तक दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा और पंजाब में सक्रिय लारेंस बिश्नोई गैंग की धमक छत्तीसगढ़ तक सुनाई देने लगी है. सूत्रों के अनुसार, राजधानी रायपुर के चर्चित राजनीतिक परिवार को गैंग के सदस्य ने फोन पर धमकी देते हुए 50 करोड़ रुपए की फिरौती मांगी है. मामले की जानकारी मिलने के बाद रायपुर पुलिस ने अपनी जांच भी शुरू कर दी है.
जानकारी के मुताबिक, ढेबर परिवार को धमकी भरा फोन कॉल आया था, जिसमें अज्ञात कॉलर खुद को बिश्नोई गैंग से जुड़ा सदस्य बताते हुए फिरौती की माँग की थी. इतना ही नहीं फिरौती समय पर नहीं पहुंचाने की गलती करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की बात भी सामने आई है।
अज्ञात कॉलर की निकाली जा रही जानकारी
रायपुर सेंट्रल जोन पुलिस कमिश्नरेट के वरिष्ठ अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए शिकायत पर अपराध दर्ज किया गया है। सायबर सेल की स्पेशल टीम भी पूरे मामले की जाँच में जुटी हुई है। अज्ञात कॉलर की कॉल डिटेल निकाली जा रही है। सायबर टीम अज्ञात कॉलर के नंबरों की तकनीकी जाँच में जुटी हुई है। इस बात का जल्द ही पता लगा लिया जाएगा की फ़ोन कॉल के पीछे किसका हाथ है। पुलिस टीम आरोपियों की पतासाजी में लगी हुई है।
पुलिस की एक और टीम परिवार से भी पूछताछ कर कुछ अहम जानकारी जुटा रही है। ढेबर परिवार की पुरानी दुश्मनी, हाल फिलहाल में किसी से विवाद होना, अमन साव की गिरफ्तारी के दौरान अनवर ढेबर से किसी प्रकार की बातचीत होना, इन तमाम बिंदुओं पर भी जाँच पड़ताल की जा रही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



