फरीदाबाद। सोमवार दोपहर घर में अकेली BCA छात्रा पर ब्लेड से हमला करने का मामला सामने आया है। 19 वर्षीय काजल BCA के तीसरे वर्ष की छात्रा है। घटना के समय वह सेक्टर-86 के पास बुढ़ैना गांव स्थित घर में पढ़ाई कर रही थी। इसी दौरान चेहरे पर कपड़ा बांधे एक युवक घर में घुस आया और उस पर ब्लेड से वार कर दिया। छात्रा के गले और माथे पर चोट आई है। घटना की शिकायत खेड़ी थाना पुलिस को दी गई है। पुलिस हमलावर की पहचान और हमले की वजह पता करने में जुटी है

गले और माथे पर किए कई वार

काजल के पिता राजकिशोन के मुताबिक, उनकी बेटी घर में पढ़ाई कर रही थी। इसी दौरान एक युवक चेहरे पर कपड़ा बांधकर घर में घुस आया। उसने काजल पर ब्लेड से हमला करना शुरू कर दिया।

पिता के अनुसार, काजल के गले पर तीन और माथे पर दो वार किए गए। घायल होने के बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।

पिता के साथ रहती है काजल

राजकिशोन मूल रूप से ओडिशा के रहने वाले हैं और चिकन शॉप पर काम करते हैं। उन्होंने बताया कि लॉकडाउन के बाद वह फरीदाबाद आए थे। उनकी बेटी करीब तीन महीने पहले पढ़ाई के लिए फरीदाबाद आई थी। दोनों सेक्टर-86 के पास बुढ़ैना गांव में अकेले रहते हैं।

बैंक के काम से पिता ने किया था फोन

राजकिशोन ने बताया कि सोमवार को करीब 1 बजे काजल घर पर अकेली थी। वह ऑनलाइन क्लास लेती है। घटना के समय पिता ड्यूटी पर गए हुए थे।

बैंक के काम से उन्होंने बेटी को फोन किया था। पहली बार काजल ने कॉल नहीं उठाया। इसके बाद उन्होंने दोबारा फोन किया। तब काजल से बात हुई और उसने पिता को घटना की जानकारी दी। इसके बाद घायल काजल को अस्पताल ले जाया गया।

हमलावर की पहचान नहीं हुई

घटना के बाद खेड़ी थाना पुलिस को शिकायत दी गई। अभी तक हमलावर की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि युवक घर में कैसे पहुंचा और उसने छात्रा पर हमला क्यों किया।

पुलिस इंचार्ज राकेश के मुताबिक, फिलहाल हमले की वजह स्पष्ट नहीं है। आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज और दूसरे तथ्यों की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m