फरीदाबाद:औद्योगिक नगरी फरीदाबाद में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ घरेलू कलह और पति की बुरी आदतों के कारण 28 वर्षीय चंचल नाम की महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के परिजनों ने आरोप लगाया है कि यह आत्महत्या नहीं, बल्कि ससुराल पक्ष की प्रताड़ना का नतीजा है। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों को कड़ी सजा देने की गुहार लगाई है।

आखिरी फोन कॉल ने खोले राज

घटनाक्रम के अनुसार, मौत की खबर मिलने से ठीक 20 मिनट पहले चंचल ने रोते हुए अपने मायके फोन किया था। उसने बताया था कि उसका पति धर्मेंद्र उसके सोने के झुमके छीन रहा है ताकि उन्हें बेचकर वह जुआ (सट्टा) खेल सके। मायके वाले कुछ समझ पाते या बीच-बचाव कर पाते, उससे पहले ही धर्मेंद्र का फोन आया कि चंचल अब इस दुनिया में नहीं रही।

जुए की लत में फूंक दिए 5 लाख के जेवर

मृतका की बहन नीतू ने बताया कि शादी के बाद से ही चंचल का जीवन नर्क बना दिया गया था। धर्मेंद्र को सट्टेबाजी की गंभीर लत थी। वह अपनी इस कमजोरी को पूरा करने के लिए चंचल के करीब 5 लाख रुपये के सोने के गहने पहले ही बेच चुका था। जब भी चंचल इसका विरोध करती, उसे बेरहमी से प्रताड़ित किया जाता था।

समझौते के बाद लौटी थी ससुराल

तंग आकर चंचल शादी के दो महीने बाद ही मायके लौट आई थी और करीब तीन साल तक वहीं रही। साल 2021 में ससुराल वालों ने अपनी गलतियाँ सुधारने का वादा किया, जिसके बाद चंचल को वापस भेजा गया था। लेकिन पति की आदतें नहीं बदलीं और आखिरकार दो मासूम बच्चों के सिर से मां का साया हमेशा के लिए उठ गया। पुलिस मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m