Faridabad Crime News : फरीदाबाद। शहर के सेक्टर-14 स्थित एक मकान में 15 वर्षीय घरेलू सहायिका का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। किशोरी का शव मकान की तीसरी मंजिल पर बने कमरे में फंदे से लटका मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मामले की जांच शुरू कर दी। फिलहाल पुलिस मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी है और किसी भी संभावना से इनकार नहीं कर रही है।
दो महीने पहले शुरू किया था काम
मृतका की मां, जो मूल रूप से उत्तर प्रदेश के हरदोई की रहने वाली हैं, ने बताया कि परिवार फरीदाबाद में रहकर घरेलू काम करता है। करीब दो महीने पहले उनकी बेटी ने सेक्टर-14 के एक मकान में घरेलू सहायिका के रूप में काम शुरू किया था। वह वहीं 24 घंटे रहती थी और उसके लिए तीसरी मंजिल पर अलग कमरा दिया गया था।
रविवार शाम मिली मौत की सूचना
परिजनों के अनुसार, रविवार को किशोरी कुछ समय के लिए घर आई थी। शाम करीब चार बजे उसका भाई उसे बाइक से मकान तक छोड़कर गया। लगभग डेढ़ घंटे बाद परिवार को फोन पर उसकी मौत की सूचना मिली। मौके पर पहुंचने पर परिजनों ने बेटी को फंदे से लटका हुआ पाया, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
पुलिस के अनुसार, जिस मकान में घटना हुई वह एक कपड़ा कारोबारी का है। घटना के समय परिवार के सदस्य घर पर नहीं थे। शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है ताकि मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


