फरीदाबाद: बेटे को नौकरी करने की सलाह देना एक पिता को भारी पड़ गया। आरोप है कि इसी बात से नाराज 22 वर्षीय युवक ने घर में रखे सब्जी काटने वाले चाकू से अपने पिता पर हमला कर दिया। चाकू के वार से पिता की कमर और छाती पर गंभीर चोटें आईं। हालत बिगड़ने पर उन्हें बीके अस्पताल से दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर किया गया। मामला ओल्ड फरीदाबाद थाना क्षेत्र की भीम बस्ती का है।

घायल 46 वर्षीय बालकिशन ने पुलिस को बताया कि 16 अगस्त की शाम वह पत्नी पूनम और दोनों बेटों विकास उर्फ विक्की व योगेश उर्फ योगी के साथ घर पर थे। इस दौरान वह और उनकी पत्नी बड़े बेटे विकास को नौकरी करने के लिए समझा रहे थे। बताया गया है कि नौकरी की बात सुनते ही विकास भड़क गया और परिवार के लोगों से गाली-गलौज करने लगा।

बालकिशन ने जब बेटे को ऐसा करने से रोका तो आरोप है कि विकास घर में रखा सब्जी काटने वाला चाकू उठा लाया। इसके बाद उसने पिता की कमर और छाती पर चाकू से कई वार कर दिए। अचानक हुए हमले से बालकिशन घायल होकर शोर मचाने लगे। आरोप है कि इसके बाद विकास उन्हें जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गया।

शोर सुनकर परिवार के लोग सक्रिय हुए और पत्नी पूनम घायल बालकिशन को इलाज के लिए बीके अस्पताल लेकर पहुंची। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत को देखते हुए दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया। मेडिकल जांच में उनके शरीर पर धारदार हथियार से लगी तीन चोटें दर्ज की गई हैं।

सफदरजंग अस्पताल में उपचार के दौरान 18 अगस्त को चिकित्सकों ने बालकिशन को बयान देने के लिए फिट घोषित किया। इसके बाद पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर उनका बयान दर्ज किया। बयान और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने विकास उर्फ विक्की के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

ओल्ड फरीदाबाद थाना प्रभारी विष्णु मित्र के अनुसार, घटना के बाद से आरोपी फरार है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है। पुलिस टीम मामले से जुड़े साक्ष्य जुटाने के साथ ही घटना की पूरी परिस्थितियों की जांच कर रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m