फरीदाबाद: अपराध की वारदात को अंजाम देने के लिए पहले फॉर्च्यूनर चोरी करना और फिर उसी गाड़ी को ATM उखाड़ने में इस्तेमाल करना—फरीदाबाद में एक गिरोह की यह पूरी करतूत पुलिस जांच में सामने आई है। क्राइम ब्रांच AVTS सिकरोना ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी की फॉर्च्यूनर बरामद कर ली है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गांव धौज निवासी मोहम्मद मोइन खान (24), मोसिम उर्फ बिल्ला (27) और मकसूद उर्फ काला (45) के रूप में हुई है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों और उनकी दूसरी वारदातों का पता लगाने में जुटी है।
पहले कार चोरी, फिर ATM पर धावा
पुलिस के अनुसार आरोपियों ने 12 अगस्त को सेक्टर-16 इलाके से फॉर्च्यूनर चोरी की थी। गाड़ी का शीशा तोड़ने के बाद लैपटॉप की मदद से उसका लॉकिंग सिस्टम बायपास कर गाड़ी स्टार्ट की गई और आरोपी उसे लेकर फरार हो गए। इस वारदात को लेकर थाना सेक्टर-17 में केस दर्ज किया गया था।
फॉर्च्यूनर चोरी के अगले ही दिन आरोपियों ने चोरी की इसी गाड़ी को ATM लूट की वारदात में इस्तेमाल कर डाला। 13 अगस्त की रात छांयसा रोड स्थित SBI के ATM को निशाना बनाया गया। आरोपियों ने ATM को बेल्ट से फॉर्च्यूनर के साथ बांधा और गाड़ी से खींचकर उसे उखाड़ लिया। इसके बाद ATM को गाड़ी की डिग्गी में रखकर आरोपी मौके से निकल गए।
इतना ही नहीं, वारदात के दौरान ATM में लगे इन्वर्टर, बैटरी और CCTV कैमरे भी निकाल लिए गए। मामले की सूचना मिलने पर थाना छांयसा पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की।
तकनीकी जांच और मुखबिर की सूचना से गिरफ्तारी
लगातार दो वारदातों के बाद क्राइम ब्रांच AVTS सिकरोना और भूपानी की टीमों ने आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस ने तकनीकी इनपुट के साथ-साथ मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। इसी दौरान मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने 17 अगस्त को धौज थाना क्षेत्र से तीनों आरोपियों को दबोच लिया।
पूछताछ के बाद आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की गई फॉर्च्यूनर बरामद कर ली गई। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि ATM से निकाली गई रकम और अन्य सामान कहां गया तथा इस वारदात में उनके साथ और कौन-कौन लोग शामिल थे।
पहले से दर्ज हैं आपराधिक मामले
पुलिस जांच में सामने आया है कि तीनों आरोपी पहले भी आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहे हैं। मोहम्मद मोइन खान के खिलाफ आर्म्स एक्ट, चोरी और जुआ अधिनियम के तीन मामले दर्ज बताए गए हैं। मोसिम उर्फ बिल्ला पर मारपीट का एक मामला दर्ज है। वहीं मकसूद उर्फ काला के खिलाफ लूट, CS एक्ट और जुआ अधिनियम समेत चार मामले दर्ज हैं।
पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ जारी है। पूछताछ में गिरोह के अन्य सदस्यों और उनके द्वारा अंजाम दी गई दूसरी चोरी व लूट की वारदातों के बारे में अहम सुराग मिलने की उम्मीद है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


