फरीदाबाद। सेक्टर 11 के वाईएमसीए (YMCA) चौक के पास बने मान्यवर कपड़ों के शोरूम में बीती रात अचानक आग लग गई। देखते ही देखते लपटें इतनी तेज हुईं कि पूरे शोरूम को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में अंदर रखे लाखों रुपये के महंगे शेरवानी और कुर्ते जलकर पूरी तरह खाक हो गए।

रात साढ़े 9 बजे भड़की आग, शॉर्ट सर्किट की आशंका

मौके पर मौजूद शोभित चावला ने बताया कि घटना रात करीब साढ़े 9 बजे की है। अचानक दुकान के अंदर से धुएं का गुबार और लपटें बाहर निकलने लगीं। गनीमत यह रही कि उस वक्त दुकान बढ़ चुकी थी और कोई भी कर्मचारी अंदर नहीं था, वरना बड़ा जानी नुकसान हो सकता था। शुरुआती तौर पर माना जा रहा है कि बिजली के शॉर्ट सर्किट की वजह से यह हादसा हुआ है।

आज ही खाली होना था शोरूम, सामान निकालने से पहले ही हो गया कांड

इस हादसे में एक हैरान करने वाली बात भी सामने आई है। दरअसल, नगर निगम ने इस शोरूम के ठीक बाहर एक दीवार खड़ी कर दी थी, जिसकी वजह से मालिक इस जगह को खाली करने की तैयारी में थे। आज ही पीछे के रास्ते से सारा कपड़ा बाहर निकाला जाना था और माल लादने के लिए गाड़ियां भी आने वाली थीं। लेकिन माल सुरक्षित बाहर निकलता, उससे पहले ही आग ने सब कुछ स्वाहा कर दिया।

दमकल की 10 गाड़ियों ने घंटों की मशक्कत के बाद पाया काबू

आग की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। आग इतनी विकराल थी कि उसे बुझाने के लिए एक के बाद एक करीब 10 दमकल गाड़ियों को कतार में लगना पड़ा। दमकल कर्मियों ने कई घंटों की भारी मशक्कत के बाद आग को पूरी तरह शांत किया।

पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि हादसे में कोई घायल नहीं हुआ है। पुलिस की टीम मौके पर डटी हुई है और नुकसान का जायजा लेने के साथ ही आग के सही कारणों का पता लगा रही है।