Faridabad Municipal Corporation : फरीदाबाद : फरीदाबाद नगर निगम के अधीक्षण अभियंता (SE) ओमवीर का तबादला कर दिया गया है। उन्हें फरीदाबाद से यमुनानगर भेजा गया है।अधिकारी की कथित आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर पिछले दिनों विवाद खड़ा हुआ था, जिसके बाद बिहारी समाज के लोगों में नाराजगी देखने को मिली थी।

कथित टिप्पणी सामने आने के बाद बिहारी समाज से जुड़े लोगों ने इसका विरोध करते हुए अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई थी। मामला बढ़ने के साथ ही विवाद ने राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर भी तूल पकड़ लिया था। Lalluram.com ने भी इस मामले को प्रमुखता से प्रकाशित किया था।

विरोध के बीच अधीक्षण अभियंता ओमवीर मीडिया के सामने आए और अपने बयान को लेकर सफाई दी। उन्होंने हाथ जोड़कर माफी मांगते हुए कहा था कि यदि उनकी बातों से किसी समाज या वर्ग को ठेस पहुंची है तो वह इसके लिए माफी मांगते हैं।

हालांकि, अब उनके तबादले के आदेश सामने आने के बाद मामले ने एक नया मोड़ ले लिया है। ओमवीर को फरीदाबाद नगर निगम से हटाकर यमुनानगर भेज दिया गया है। यानी विवाद के बाद माफी मांगने के बावजूद अधिकारी का तबादला कर दिया गया।

फिलहाल इस पूरे घटनाक्रम पर बिहारी समाज की अगली प्रतिक्रिया पर भी नजर है। विवादित टिप्पणी के विरोध में कार्रवाई की मांग कर रहे लोगों की ओर से तबादले को लेकर क्या रुख अपनाया जाता है, यह आने वाले समय में स्पष्ट होगा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m