Faridabad Viral Audio : फरीदाबाद: नगर निगम फरीदाबाद के एक वरिष्ठ अधिकारी और अधीक्षण अभियंता (SE) का कथित आपत्तिजनक ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला सियासी तूल पकड़ता नजर आ रहा है। कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने इस कथित ऑडियो को अपने X अकाउंट पर शेयर करते हुए सरकार से संबंधित अधिकारी के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
दीपेंद्र हुड्डा ने आरोप लगाया कि कथित ऑडियो में बिहार और झारखंड से आने वाले मेहनतकश नागरिकों के लिए बेहद अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल किया गया है। उन्होंने इसे देश के हर नागरिक के स्वाभिमान से जुड़ा मामला बताते हुए कहा कि देश और प्रदेश के विकास में बिहार-झारखंड समेत अलग-अलग राज्यों से आए लोगों का महत्वपूर्ण योगदान है।
हुड्डा ने कहा कि किसी जिम्मेदार पद पर बैठे अधिकारी द्वारा क्षेत्रीय पहचान को आधार बनाकर नफरत फैलाने वाली टिप्पणी स्वीकार नहीं की जा सकती। उन्होंने सरकार से मांग की कि संबंधित अधिकारी को तुरंत निलंबित किया जाए और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए।
कांग्रेस नेता ने मामले में सख्त कानूनी कार्रवाई के साथ-साथ संबंधित अधिकारी से समाज के सामने सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की भी मांग की है।
फिलहाल कथित ऑडियो की सत्यता और उसमें मौजूद आवाज की पहचान की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। Lalluram.com भी इस कथित ऑडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता है। मामले में आधिकारिक जांच या संबंधित अधिकारी का पक्ष सामने आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।


