फरीदाबाद। हरियाणा के फरीदाबाद से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक प्रेम प्रसंग के चक्कर में राजस्थान के स्टेट लेवल वॉलीबॉल खिलाड़ी की बेरहमी से हत्या कर दी गई। मृतक के घरवालों का आरोप है कि लड़की के परिवार वालों ने युवक को रास्ते से अगवा किया। इसके बाद उसे तीन दिनों तक घर में बंधक बनाकर रखा। उसे भूखा-प्यासा रखा गया और लगातार डंडों से पीटा गया। जब वह अधमरा हो गया, तो उसे घर के बाहर फेंक दिया। अस्पताल में इलाज के दौरान शुक्रवार को उसकी मौत हो गई।
मामा के गांव में हुई थी दोनों की दोस्ती
मिली जानकारी के मुताबिक, राजस्थान के भिवाड़ी (सैदपुर गांव) का रहने वाला मोनू (21 वर्ष) वॉलीबॉल का बेहतरीन खिलाड़ी था। उसने इसी साल 70 फीसदी नंबरों के साथ 12वीं पास की थी। मोनू के चाचा नरेंद्र ने बताया कि मोनू का फरीदाबाद के तिगांव इलाके की एक लड़की से प्रेम प्रसंग चल रहा था। लड़की नाबालिग है और उसके मामा मोनू के ही गांव सैदपुर में रहते हैं। मामा के घर आने-जाने के दौरान ही दोनों की मुलाकात हुई और दोस्ती प्यार में बदल गई।
पूछताछ के बहाने बुलाकर किया किडनैप
परिजनों के अनुसार, इसी साल अप्रैल में तिगांव थाने में मोनू के खिलाफ लड़की को भगाने का केस दर्ज हुआ था। बाद में लड़की मिल गई थी और पुलिस मामले की जांच कर रही थी। 17 मई को मोनू अपने घर से यह कहकर निकला था कि वह पूछताछ के लिए तिगांव थाने जा रहा है। आरोप है कि लड़की के घरवालों ने उसे रास्ते से ही उठा लिया। 17 से 20 मई तक उसे बेरहमी से टॉर्चर किया गया और फिर फेंक दिया गया। पुलिस ने उसे गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया था।
दो आरोपी हिरासत में, पुलिस कर रही जांच
मामले को लेकर पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि मोनू के परिजनों की शिकायत पर अपहरण और हत्या की धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में दो आरोपियों को हिरासत में लिया है, जिनसे सख्ती से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि अप्रैल में केस दर्ज होने के बाद से मोनू फरार चल रहा था। फिलहाल शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है और पूरे मामले की बारीकी से जांच जारी है।

