फरीदाबाद। जीवन नगर पार्ट-2 में ईदगाह के पास एक बेहद दुखद हादसे में एक साल के बच्चे की जान चली गई। घर में खेल रहा मासूम आर्यन पानी से भरी बाल्टी में गिर गया। परिजन उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टर उसे बचा नहीं सके। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

बताया गया कि हादसे के समय आर्यन की मां घर की ऊपरी मंजिल पर काम कर रही थीं, जबकि उसके पिता बजरंगी काम के सिलसिले में बाहर गए हुए थे। परिवार के अन्य सदस्य भी अपने-अपने घरेलू काम में व्यस्त थे। इसी दौरान आर्यन कमरे के बाहर छत पर खेल रहा था।

खेलते-खेलते बच्चा बाथरूम के पास पहुंच गया, जहां पानी से भरी बाल्टी रखी हुई थी। इसी दौरान वह बाल्टी में गिर गया। काफी देर तक बच्चे की आवाज नहीं सुनाई देने पर उसकी दादी मीना ने बाहर जाकर देखा तो आर्यन बाल्टी में मिला।

परिजन तुरंत बच्चे को लेकर सरकारी अस्पताल पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने उसकी हालत को देखते हुए उसे दूसरे अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। इसके बाद परिवार वाले आर्यन को एक निजी अस्पताल लेकर गए। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद बच्चे को मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी। संजय कॉलोनी पुलिस चौकी प्रभारी के अनुसार, बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। मुजेसर थाना पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

पुलिस के मुताबिक बुधवार को बच्चे के शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस हादसे के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।