फरीदाबाद। जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में ड्यूटी पर जा रहे दो पुलिसकर्मियों की मौत हो गई। दोनों पुलिसकर्मी पुलिस मोटरसाइकिल राइडर नंबर-33 पर सवार होकर किसी काम से सोहना रोड की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ट्रक दोनों पुलिसकर्मियों को घसीटते हुए काफी दूर तक ले गया।
हादसा सरूरपुर रोड पर सोहना रोड स्थित एक पेट्रोल पंप के पास हुआ। दुर्घटना में पुलिसकर्मी नवीन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल अभिषेक को अस्पताल ले जाया गया। उपचार के दौरान अभिषेक ने भी दम तोड़ दिया।
दोनों भिवानी के रहने वाले, पर्वतीय कॉलोनी चौकी में थे तैनात
मृतक पुलिसकर्मियों की पहचान अभिषेक और नवीन के रूप में हुई है। दोनों मूल रूप से भिवानी के रहने वाले थे और फरीदाबाद की पर्वतीय कॉलोनी चौकी में तैनात थे। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन नवीन को बचाया नहीं जा सका। वहीं अभिषेक की भी इलाज के दौरान मौत हो गई।
दोनों के शवों को फरीदाबाद ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया गया है।
टक्कर मारकर ट्रक चालक फरार
हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि ट्रक और उसके चालक की पहचान की जा सके।
बताया जा रहा है कि हादसे के समय दोनों पुलिसकर्मी ड्यूटी से जुड़े किसी कार्य के लिए सोहना रोड की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आए ट्रक ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी।
पुलिस विभाग में शोक की लहर
ड्यूटी के दौरान दो पुलिसकर्मियों की मौत की खबर से पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई। वरिष्ठ अधिकारियों ने घटना पर दुख जताते हुए दोनों जवानों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।
पुलिस अब हादसे की पूरी परिस्थितियों की जांच कर रही है और फरार ट्रक चालक की तलाश में जुटी है। CCTV फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी चालक तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


