फरीदाबाद। फरीदाबाद की क्राइम ब्रांच ऊंचा गांव की टीम को एक बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने एक मुठभेड़ के बाद कुख्यात वांछित बदमाश संदीप उर्फ चेंटा को गिरफ्तार कर लिया है। घेराबंदी के दौरान बदमाश ने पुलिस पर जान से मारने की नीयत से 3 राउंड फायर झोंक दिए। पुलिस ने भी आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक गोली बदमाश के पैर में जा लगी। घायल बदमाश को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

होटल कर्मचारी पर तानी थी पिस्टल, पुलिस को थी तलाश

पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पकड़ा गया आरोपी संदीप उर्फ चेंटा गांव मच्छगर का रहने वाला है। वह बेहद शातिर किस्म का अपराधी है। बीते 20 मई की सुबह उसने सेक्टर 12 कोर्ट मोड़ के पास स्थित चंदिला फूड होटल पर एक कर्मचारी के ऊपर सरेआम पिस्टल तान दी थी और उसकी हत्या का प्रयास किया था। इस वारदात के बाद से ही पुलिस की टीमें उसकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही थीं।

फज्जूपुर के पास रात में घेराबंदी, चलीं ताबड़तोड़ गोलियां

क्राइम ब्रांच को गुप्त सूचना मिली थी कि चेंटा किसी नई वारदात को अंजाम देने के लिए घूम रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने 21 और 22 मई की दरमियानी रात को थाना छांयसा के तहत चांदपुर से अटाली रोड पर गांव फज्जूपुर के इलाके में जाल बिछाया।

खुद को पुलिस से घिरा देख बदमाश ने बचने के लिए सीधे पुलिस टीम पर गोलियां चलानी शुरू कर दीं। उसने एक के बाद एक 3 राउंड फायर किए। पुलिस टीम ने सूझबूझ दिखाई और जवाबी फायरिंग की। पुलिस की ओर से चलाई गई गोली सीधे आरोपी के बाएं पैर में लगी, जिससे वह वहीं गिर पड़ा और पुलिस ने उसे दबोच लिया।

लूट और डकैती का पुराना रिकॉर्ड, हथियार बरामद

“आरोपी संदीप उर्फ चेंटा का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड है। वह पहले भी लूट, डकैती और हत्या के प्रयास जैसे कई संगीन मामलों में शामिल रहा है। मौके से पुलिस ने एक मोटरसाइकिल और वारदात में इस्तेमाल पिस्टल बरामद की है। मामले की आगे की कानूनी जांच जारी है।”