मुजफ्फरपुर। हरियाणा के फरीदाबाद से एक बेहद घटना सामने आई है, जिसने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। मुजफ्फरपुर की रहने वाली 23 वर्षीय नेहा कुमारी, जो अपने पहले बच्चे के आगमन की प्रतीक्षा में थी, को उसके ही पति ने मौत के घाट उतार दिया। यह नृशंस हत्या घरेलू विवाद के चलते की गई, जिससे एक हंसता-खेलता परिवार और नेहा के भविष्य के तमाम सपने पल भर में बिखर गए।

​काम को लेकर हुआ था विवाद

प्राप्त जानकारी के अनुसार फरीदाबाद के पल्ला थाना क्षेत्र स्थित पंचशील कॉलोनी पार्ट-2 में नेहा अपने पति अमित गुप्ता के साथ रहती थी। दंपती के बीच विवाद का मुख्य कारण अमित का काम पर न जाना था। बताया जा रहा है कि अमित पिछले कई दिनों से बेरोजगार बैठा था जिस पर नेहा ने उसे नौकरी तलाशने और काम पर जाने की सलाह दी। यही छोटी सी सलाह दोनों के बीच बड़े झगड़े का कारण बन गई। गुरुवार की सुबह शुरू हुई यह बहस इतनी बढ़ गई कि अमित ने अपना आपा खो दिया और दरिंदगी की सारी हदें पार कर दीं।

​गला घोंटने के बाद पानी में डुबोया सिर

परिजनों का आरोप है कि आवेश में आकर अमित ने पहले नेहा के साथ मारपीट की। इसके बाद उसने बड़ी बेरहमी से नेहा का गला दबाया और उसकी जान लेने के लिए उसके सिर को पानी से भरी बाल्टी में डुबो दिया। इस जघन्य वारदात के समय घर में नेहा अकेली थी। घटना की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि आरोपी ने अपराध को अंजाम देने के बाद पूरे इत्मीनान से अपने चाचा को फोन किया। उसने स्पष्ट शब्दों में कहा, मैंने अपनी पत्नी को मार दिया है, अब जो करना है देख लो। इसके बाद आरोपी अपना फोन स्विच ऑफ करके मौके से फरार हो गया।

​सपनों का आशियाना बना श्मशान

नेहा और अमित की शादी 30 अप्रैल 2025 को हुई थी। दोनों ने जीवन की एक नई शुरुआत की थी और करीब एक माह पूर्व ही फरीदाबाद में अपना नया घर बसाया था। नेहा अपने पहले बच्चे को लेकर बेहद उत्साहित थी और गर्भावस्था के छठे महीने में थी। वह अपने होने वाले बच्चे के साथ एक सुनहरा भविष्य देख रही थी लेकिन उसकी यह उम्मीदें उसके पति के हाथों ही कुचल दी गईं।

​चरित्र पर शक और बढ़ता तनाव

मृतका के परिजनों का कहना है कि अमित के मन में नेहा के चरित्र को लेकर अक्सर संदेह रहता था। वह उसे घर से बाहर निकलने पर भी रोक-टोक करता था। शादी के कुछ समय बाद से ही दोनों के बीच मनमुटाव की स्थिति बनी हुई थी, जो अंततः इस वीभत्स हत्याकांड में बदल गई।

​पुलिस की कार्रवाई जारी

घटना की सूचना मिलते ही मुजफ्फरपुर के सोडा गोदाम, चंदवारा स्थित नेहा के मायके में मातम पसर गया है। वहीं, फरीदाबाद की पल्ला थाना पुलिस, क्राइम ब्रांच और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी अमित की तलाश के लिए जगह-जगह दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की शिकायत के आधार पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यह घटना समाज में महिलाओं की सुरक्षा और वैवाहिक संबंधों में बढ़ते तनाव को लेकर एक गंभीर प्रश्न खड़ा करती है।