फरीदाबाद में पैरोल पर छूटे अपराधी ने पुरानी दुश्मनी के कारण एक युवक को तेज रफ्तार स्कॉर्पियो से उड़ा दिया। अस्पताल में डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया और पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

फरीदाबाद। जिले के फतेहपुर बिल्लौच गांव में शनिवार रात पुरानी रंजिश खूनी वारदात में बदल गई। परिजनों का आरोप है कि पैरोल पर जेल से बाहर आए एक युवक ने अपने साथियों के साथ मिलकर 21 वर्षीय तरुण को स्कॉर्पियो से जानबूझकर टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल तरुण को उसके दोस्त तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें एक काले रंग की स्कॉर्पियो तेज रफ्तार में सामने से आकर बाइक को टक्कर मारती दिखाई दे रही है।

जानकारी के अनुसार, तरुण आईएमटी फरीदाबाद स्थित एक निजी कंपनी में काम करता था। शनिवार रात वह अपने दोस्तों के साथ गांव में एक बिल्डिंग मैटेरियल की दुकान पर पार्टी कर रहा था। पार्टी खत्म होने के बाद सभी दोस्त सड़क किनारे खड़े थे। कुछ देर बाद तरुण बाइक से घर के लिए निकला, तभी सामने से आई स्कॉर्पियो ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि तरुण और उसकी बाइक करीब 20 मीटर दूर जा गिरे। बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसके एलॉय व्हील तक टूट गए।

मृतक के परिजनों का आरोप है कि स्कॉर्पियो में सागर, विकास और नारायण सवार थे। उनका कहना है कि पुरानी रंजिश के चलते तीनों ने मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया। परिजनों का यह भी दावा है कि सागर के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह दो दिन पहले ही पैरोल पर जेल से बाहर आया था। उनका कहना है कि यह कोई सामान्य सड़क हादसा नहीं, बल्कि सुनियोजित हत्या है।

घटना के सीसीटीवी फुटेज और अन्य वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। वीडियो में स्कॉर्पियो की तेज रफ्तार और टक्कर की भयावहता साफ दिखाई दे रही है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य साक्ष्य अपने कब्जे में ले लिए।

डीसीपी प्रतीक अग्रवाल ने बताया कि फतेहपुर बिल्लौच मामले में प्राथमिकी दर्ज कर एक आरोपी विकास को हिरासत में ले लिया गया है। वारदात में इस्तेमाल स्कॉर्पियो भी बरामद कर ली गई है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।