कैथल. कैथल में चल रही तीन दिवसीय राज्य स्तरीय स्कूल खेल प्रतियोगिता में हरियाणा के विभिन्न जिलों से छात्राएं बॉक्सिंग और सॉफ्टबॉल प्रतियोगिताओं में भाग लेने पहुंची हैं। प्रतियोगिता में फरीदाबाद जिले से पहुंची नन्हीं बॉक्सर भूमि ने हरियाणा सरकार की खेल नीति की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश में खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के लिए बेहतर अवसर और सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं।

भूमि ने बातचीत में बताया कि वह पहली बार राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में फरीदाबाद जिले का प्रतिनिधित्व कर रही है। उसे बॉक्सिंग में विशेष रुचि है और वह पूरी लगन व मेहनत के साथ इस खेल में आगे बढ़ना चाहती है। उसने कैथल में प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों के लिए किए गए रहने और खाने के प्रबंधों की भी प्रशंसा की।

भूमि ने कहा कि हरियाणा सरकार लड़कियों को खेलों में आगे लाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। प्रदेश में स्कूलों और गांव स्तर तक खेल नर्सरियां स्थापित की जा रही हैं, जहां प्रशिक्षित कोच बच्चों को बॉक्सिंग सहित विभिन्न खेलों का प्रशिक्षण दे रहे हैं। इससे ग्रामीण और छोटे शहरों की प्रतिभाओं को भी आगे बढ़ने का अवसर मिल रहा है।

उसने कहा कि सरकार द्वारा खिलाड़ियों को प्रशिक्षण के साथ-साथ खान-पान जैसी सुविधाएं उपलब्ध करवाने से युवा पूरी लगन के साथ अपने खेल पर ध्यान दे पा रहे हैं। पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कार राशि और सरकारी नौकरियों के अवसर मिलने से भी युवाओं का खेलों के प्रति रुझान बढ़ा है।

भूमि ने कहा कि लड़के और लड़कियां नशे तथा अन्य बुराइयों से दूर होकर खेलों की ओर बढ़ रहे हैं। उसने विश्वास जताया कि यदि इसी प्रकार खेलों को प्रोत्साहन मिलता रहा तो हरियाणा की बेटियां आने वाले समय में एशियन गेम्स और ओलंपिक जैसी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में देश और प्रदेश के लिए अनेक पदक जीतेंगी।