फरीदाबाद: प्रेम संबंधों में आई दरार के बाद 22 वर्षीय युवक ने नहर में छलांग लगाकर जान दे दी। घटना से पहले युवक ने अपने पिता को फोन कर प्रेमिका पर धोखा देने का आरोप लगाया। फोन पर वह लगातार रो रहा था और परिवार का ध्यान रखने की बात कहने के बाद नहर में कूद गया। देर रात पुलिस ने उसका शव बरामद कर लिया।

मृतक की पहचान दिल्ली के मीठापुर निवासी नकुल के रूप में हुई है। नकुल फरीदाबाद के सेक्टर-21सी स्थित एक सैलून में हेयर स्टाइलिस्ट का काम करता था। परिजनों के अनुसार, उसके घर के पास रहने वाली एक युवती से कई साल पहले उसकी दोस्ती हुई थी। समय के साथ दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए। बताया जा रहा है कि दोनों करीब सात साल से एक-दूसरे के साथ थे, लेकिन पिछले कुछ समय से उनके बीच विवाद चल रहा था।

परिजनों के मुताबिक, गुरुवार को नकुल अपनी प्रेमिका के साथ फिल्म देखने गया था। दोनों ने दिन साथ बिताया, लेकिन शाम के समय किसी बात को लेकर उनके बीच विवाद हो गया। आरोप है कि इसी दौरान नकुल ने युवती के मोबाइल में किसी दूसरे युवक के साथ चैट देख ली। उसने इस बारे में युवती से सवाल किया, लेकिन जवाब से वह संतुष्ट नहीं हुआ। इसके बाद उसे लगा कि उसकी प्रेमिका उसे धोखा दे रही है।

विवाद के बाद नकुल प्रेमिका को उसके घर छोड़कर आया और खुद घर जाने के बजाय मीठापुर के पास नहर पर पहुंच गया। शाम करीब 7:30 बजे उसने अपने पिता हरिशंकर को फोन किया। पिता के मुताबिक, नकुल फोन पर बुरी तरह रो रहा था। उसने कहा कि जिस लड़की से वह करीब सात साल से प्यार करता था, उसने उसे धोखा दिया है।

‘मां, भाई और बहन का ध्यान रखना’

हरिशंकर के अनुसार, बातचीत के दौरान नकुल ने कहा कि वह नहर में छलांग लगाने जा रहा है। उसने अपने पिता से मां, भाई और बहन का ध्यान रखने की बात भी कही। पिता ने उसे काफी समझाने और ऐसा कदम न उठाने के लिए मनाने का प्रयास किया, लेकिन नकुल नहीं माना और नहर में छलांग लगा दी।

इसके बाद परिजन उसकी तलाश में जुट गए। करीब 8:30 बजे नकुल का मोबाइल फोन बंद हो गया। परिवार के लोग गुमशुदगी की सूचना देने के लिए थाने पहुंचे। इसी दौरान उन्हें नहर में एक युवक का शव मिलने की जानकारी मिली।

नहर से शव मिलने पर परिवार में मचा हड़कंप

स्थानीय लोगों ने नहर में युवक का शव बहते हुए देखा था। सूचना मिलने पर पल्ला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नहर से बाहर निकलवाया। थाना प्रभारी सत्य प्रकाश के अनुसार, रात करीब 9:30 से 10 बजे के बीच युवक का शव बरामद किया गया था।

पुलिस ने शव की फोटो परिजनों को दिखाई, जिसके बाद उन्होंने उसकी पहचान नकुल के रूप में की। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

पिता ने प्रेमिका पर लगाए गंभीर आरोप

नकुल के पिता हरिशंकर ने आरोप लगाया कि उनका बेटा युवती के व्यवहार को लेकर मानसिक रूप से परेशान था और इसी वजह से उसने यह आत्मघाती कदम उठाया। उन्होंने युवती के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

पल्ला थाना पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।