फरीदाबाद। हरियाणा के फरीदाबाद के सिरोही गांव के पास पहाड़ियों में स्थित झील में नहाने के दौरान एक 24 वर्षीय युवक की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान दिल्ली के फतेहपुर डेरा निवासी रामशंकर के रूप में हुई है। रामशंकर अपने पांच दोस्तों के साथ यूट्यूब पर झील का वीडियो देखकर वहां पिकनिक मनाने और घूमने पहुंचा था।
नहाने के दौरान रामशंकर झील की गहराई में चला गया और अचानक पैर फिसलने से गहरे पानी में डूब गया। उसके दोस्तों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन गहराई अधिक होने के कारण वे सफल नहीं हो सके। सूचना मिलने पर धौज थाना पुलिस और गोताखोरों ने मौके पर पहुंचकर आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला।
मृतक दिल्ली की एक निजी कंपनी में रिकवरी बॉय का काम करता था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को सूचित कर दिया गया है। पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है।

