अजय सैनी, भिवानी। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय सचिव प्रदीप नरवाल ने शनिवार को बवानी खेड़ा विधानसभा क्षेत्र का सघन दौरा कर प्रदेश की कृषि व्यवस्था और भाजपा सरकार की नीतियों पर तीखा हमला बोला। नरवाल ने बवानी खेड़ा, लोहारी जाटू, मंढाणा और कुंगड़ सहित कई अनाज मंडियों और गांवों का दौरा कर किसानों की समस्याओं को सुना और जमीनी हकीकत का जायजा लिया।
खरीद की सुस्त प्रक्रिया ने किसानों की तोड़ी कमर
दौरे के बाद मीडिया से रूबरू होते हुए प्रदीप नरवाल ने कहा कि मंडियों के हालात देखकर स्पष्ट है कि भाजपा सरकार में किसान पूरी तरह बेहाल है। उन्होंने आरोप लगाया कि मंडियों में किसानों की मेहनत की फसल के ढेर लगे हैं, लेकिन खरीद प्रक्रिया की सुस्ती और भुगतान में हो रही भारी देरी ने किसानों की कमर तोड़ दी है।
नरवाल ने बताया कि मंडियों में न तो सिर छिपाने की पर्याप्त जगह है और न ही बुनियादी सुविधाएं। उन्होंने कहा कि किसान कई-कई दिनों तक मंडियों में अपनी फसल के साथ रातें काटने को मजबूर हैं। फसल बेचने के बाद भी हफ्तों तक भुगतान नहीं मिलता, जिससे किसान को अगली बुवाई और घर के खर्चों के लिए फिर से कर्ज के जाल में फंसना पड़ रहा है। भाजपा सरकार के वादों को खोखला बताते हुए कांग्रेस सचिव ने कहा कि एमएसपी (न्यूनतम समर्थन मूल्य) पर खरीद की कोई कानूनी गारंटी नहीं होने का फायदा बिचौलिए उठा रहे हैं। लागत के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा कि खाद, बीज, डीजल और बिजली की आसमान छूती कीमतों ने खेती को घाटे का सौदा बना दिया है, जबकि किसानों की आमदनी घटने के साथ-साथ मुआवजा प्रणाली भी पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है।
कांग्रेस किसानों के हक़ के लिए सड़कों पर उतरेगी
दौरे के दौरान प्रदीप नरवाल ने किसानों के प्रतिनिधिमंडल के साथ संबंधित अधिकारियों से मुलाकात की और कड़े शब्दों में चेतावनी दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि फसल खरीद की रफ्तार नहीं बढ़ाई गई और भुगतान व्यवस्था को तुरंत दुरुस्त नहीं किया गया, तो कांग्रेस पार्टी किसानों के साथ मिलकर सडक़ों पर उतरेगी और बड़े स्तर पर आंदोलन करेगी। नरवाल ने भाजपा को किसान विरोधी करार देते हुए कहा कि सरकार जमीनी स्तर पर पूरी तरह विफल साबित हुई है। आज हरियाणा का किसान खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहा है। उन्होंने अंत में दोहराया कि कांग्रेस पार्टी किसानों के हक और सम्मान की लड़ाई हर मोर्चे पर लड़ेगी और सरकार को उनकी आवाज अनसुनी नहीं करने देगी।
इस अवसर पर रेणु बाला, काला मुंढाल, उमेश भारद्वाज, शिव कुमार चांगिया, मनजीत लांगायन एनएसयूआई जिला अध्यक्ष, राजबीर पूर्व पार्षद, नरेंद्र तंवर, कपूर सिंह, अनिल नेहरा, अमित नेहरा, रविंद्र धनाना, धीरज सिंह, सुरेंद्र दुहन, सूबेदार हवा सिंह, नरेश बबलू, डा. फूल सिंह, बलबीर सरोहा, दीपक देशवाल, धर्मेंद्र बल्हारा, रामकिशन, रामकिशन गोरी, राजेश सिंधु, रवि राजपूत, सचिन कटारिया सहित अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

