रवि साहू, नारायणपुर। भारतीय किसान यूनियन, जिला नारायणपुर के बैनर तले आज जिले के किसानों ने बढ़ती महंगाई और कृषि संबंधी समस्याओं को लेकर ट्रैक्टर रैली निकालते हुए धरना प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में किसान ट्रैक्टरों के साथ बाजार स्थल बखरूपारा में एकत्रित हुए और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को बुलंद किया।

प्रदर्शन के दौरान किसानों ने कहा कि लगातार बढ़ रही पेट्रोल-डीजल की कीमतों और कृषि कार्यों में उपयोग होने वाले खाद की महंगाई ने खेती-किसानी की लागत को कई गुना बढ़ा दिया है। ऐसे में किसानों की आर्थिक स्थिति लगातार कमजोर होती जा रही है। उन्होंने मांग की है कि किसानों को पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराया जाए, ताकि खेती प्रभावित न हो।

narayana

जिले में मक्का मंडी खोलने की मांग

किसानों ने जिले में मक्का मंडी की समुचित व्यवस्था किए जाने की भी मांग उठाई। उनका कहना था कि मंडी व्यवस्था नहीं होने के कारण किसानों को अपनी उपज उचित मूल्य पर बेचने में परेशानी का सामना करना पड़ता है। धरना प्रदर्शन के बाद किसान ट्रैक्टर रैली के माध्यम से कलेक्ट्रेट की ओर बढ़े।

मांगें पूरी नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी

प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे। कलेक्ट्रेट मार्ग पर पुलिस ने बैरिकेडिंग कर प्रदर्शनकारियों को रोक दिया, जिससे कुछ समय के लिए तनावपूर्ण स्थिति बनी रही। हालांकि पुलिस और किसानों के बीच बातचीत के बाद स्थिति सामान्य हो गई और प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। प्रदर्शनकारी किसानों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। किसानों का कहना है कि वे अपनी जायज मांगों को लेकर लगातार लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष जारी रखेंगे।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H