कृष्ण कादियान, पानीपत। हरियाणा के पानीपत-रोहतक हाईवे पर आज किसान संगठनों और पुलिस के बीच तनाव की स्थिति बनी रही। गेहूं खरीद के नए नियमों से नाराज किसानों ने हाईवे जाम करने की कोशिश की, जिसे पुलिस ने समय रहते विफल कर दिया। इस दौरान प्रदर्शनकारी किसानों और पुलिस अधिकारियों के बीच तीखी बहस भी हुई, जिसके बाद पुलिस ने सख्ती बरतते हुए यातायात को बाधित होने से रोक दिया।
प्रदर्शन की गंभीरता को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है। जाम लगाने की कोशिश नाकाम होने के बाद किसान संगठन हाईवे पर ही धरने पर बैठ गए और सरकार की नीतियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। किसानों का कहना है कि गेहूं खरीद के लिए लागू किए गए नए नियम उनके हितों के विरुद्ध हैं और इनसे उनकी मुश्किलें बढ़ेंगी।
फिलहाल हाईवे पर स्थिति पुलिस की निगरानी में है। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद सड़क पर वाहनों की आवाजाही सुचारू रूप से जारी है, हालांकि किसान अपनी मांगों को लेकर सड़क किनारे विरोध प्रदर्शन पर डटे हुए हैं।

