इमरान खान, खंडवा। ओंकारेश्वर क्षेत्र के ग्राम सुलगांव में मध्य प्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी द्वारा 132KV विद्युत लाइन के टावर निर्माण को लेकर विवाद गहरा चुका है। शुक्रवार को शुरू हुआ प्रदर्शन दूसरे दिन भी जारी रहा। जहां सैकड़ों किसान, विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी और स्थानीय लोग विरोध प्रदर्शन के लिए किसान महिला तुलसा बाई के खेत पर पहुंचे।

किसानों का आरोप है कि महिला को विश्वास में लिए बिना और उचित मुआवजे के मुद्दे का समाधान किए बिना उसके खेत में हाईटेंशन लाइन का टावर लगाया जा रहा है। जिसकी वजह से किसान और प्रशासन आमने-सामने आ गए। किसानों के विरोध के चलते भारी पुलिस बल को मौके पर तैनात किया गया है।

प्रदर्शन के दौरान प्रदेश किसान कांग्रेस महासचिव गजेंद्र सिंह सोलंकी, सनावद नगर पालिका अध्यक्ष के पति इंद्र बिरला सहित अन्य किसान नेताओं को पुलिस ने वाहन में बैठाकर मौके से हटाया। पुलिस की इस कार्रवाई से किसानों ने प्रशासन एवं विद्युत कंपनी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और अपना आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी।

गौरतलब है कि दो दिन पहले राष्ट्रीय किसान मजदूर महासंघ के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करने के आरोप में विभिन्न धाराओं के तहत एफआईआर (FIR) दर्ज की गई थी। इसके बाद क्षेत्र में किसानों और किसान संगठनों में आक्रोश और बढ़ गया है।

बताया जा रहा है कि महिला तुलसा बाई के करीब तीन एकड़ कृषि भूमि में हाईटेंशन लाइन का टावर स्थापित करने को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। मामले को लेकर प्रशासन, विद्युत कंपनी और किसानों के बीच सहमति नहीं बन पाने से स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। मांग ये है कि 7 टावर लगाने के बदले 1 करोड़ 5 लाख रुपए दिए जाएं, जबकि प्रशासन ने करीब साढ़े 9 लाख रुपए दिए हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m