फर्रुखाबाद के पांचाल घाट पर सोमवार को गंगा स्नान के दौरान शाहजहांपुर से आए चार युवक तेज बहाव में बह गए. पुलिस, एनडीआरएफ, फ्लड पीएसी और गोताखोरों की टीमें उनकी तलाश में जुटी हैं, लेकिन अब तक कोई सुराग नहीं मिला है.

फर्रुखाबाद. पांचाल घाट पर सोमवार को गंगा स्नान के दौरान शाहजहांपुर से आए चार युवक तेज बहाव में बह गए. घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से तलाश शुरू की गई, लेकिन अब तक चारों युवकों का कोई सुराग नहीं मिला है.

चारों की पहचान

कादरीगेट थाना प्रभारी कपिल चौधरी के अनुसार, चारों युवक शाहजहांपुर से पांचाल घाट पर गंगा स्नान करने आए थे. स्नान के दौरान वे तेज बहाव की चपेट में आकर बह गए. युवकों की पहचान विकास, अर्जुन, योगेश और कमल के रूप में हुई है.

पुलिस ने सुबह करीब चार बजे चारों युवकों के परिजनों को घटना की जानकारी दी. सूचना मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई और बड़ी संख्या में परिजन समेत अन्य लोग फर्रुखाबाद पहुंच गए.

एनडीआरएफ ने संभाला मोर्चा

एनडीआरएफ की टीम ने भी युवकों की तलाश शुरू की, लेकिन पूरे दिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी. विकास के भाई दीपक ने बताया कि रविवार रात उसकी भाई से बात हुई थी.

फतेहगढ़ पुलिस ने एक्स पर बताया कि थाना कादरीगेट क्षेत्र के पांचाल घाट पर स्नान के दौरान चार युवक तेज बहाव में बह गए. सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और पुलिस अधीक्षक फतेहगढ़ ने घटनास्थल का निरीक्षण किया.

तलाश अभियान जारी

एनडीआरएफ, फ्लड पीएसी और स्थानीय पुलिस की टीमें गोताखोरों की सहायता से चारों युवकों की तलाश कर रही हैं. घाट पर सुरक्षा व्यवस्था के लिए बैरिकेडिंग की गई है.

पुलिस ने श्रद्धालुओं से निर्धारित सुरक्षित स्थान पर ही स्नान करने की अपील की है. मौके पर शांति एवं कानून-व्यवस्था कायम है.