फतेहगढ़ साहिब। पंजाब के फतेहगढ़ साहिब जिले के अंतर्गत आते खमाणों में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक निजी स्कूल के 19 वर्षीय छात्र मानविंदर सिंह की उसके ही दोस्तों ने तेजधार हथियार (किरच) से गोदकर बेरहमी से हत्या कर दी। मृतक अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था, जिसकी मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया है। जानकारी के अनुसार, मानविंदर सिंह खमाणों के ही एक निजी स्कूल में पढ़ाई करता था।
बताया जा रहा है कि किसी बात को लेकर उसका अपने ही साथियों के साथ मामूली विवाद हुआ था। यह विवाद इतना बढ़ा कि साथियों ने आव देखा न ताव और मानविंदर पर किरच (तेजधार चाकू नुमा हथियार) से हमला कर दिया। हमलावर वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए। मृतक के चाचा सुरेंद्र सिंह ने बताया कि वे खन्ना रोड के पास खड़े थे, तभी उन्हें शोर सुनाई दिया।

जब वे मौके पर पहुंचे, तो देखा कि उनके भतीजे पर उसके ही दोस्त हमला कर रहे थे। गंभीर रूप से जख्मी मानविंदर ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। परिजनों का कहना है कि हंसता-खेलता बेटा अब इस दुनिया में नहीं रहा, उन्होंने पुलिस से आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और सख्त से सख्त सजा की मांग की है।
हैरानी की बात यह है कि इतनी बड़ी वारदात के बाद भी खमाणों पुलिस के अधिकारी फिलहाल कैमरे के सामने कुछ भी कहने से बच रहे हैं। हालांकि, पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर लिए हैं और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस की टीमें छापेमारी कर रही हैं।
- लुधियाना: प्रेम संबंध के चलते 19 वर्षीय युवक ने की आत्महत्या, मकान मालिक की बेटी पर केस दर्ज
- CG News : निर्माणाधीन मकान की गिरी दीवार, 2 साल के मासूम की मौत, दो की हालत गंभीर
- ‘भाजपाई सरकार चला रहे हैं या सर्कस…’, अखिलेश ने BJP पर साधा निशाना, कहा- झूठी मंशा का एक न एक दिन पर्दाफाश होता ही है
- कूनो में बढ़ेगा चीतों का कुनबा: अफ्रीकी महाद्वीप से कल पहुंचेगा तीसरा बड़ा जत्था, बोत्सवाना से Indian Air Force के विमान से लाए जा रहे
- Crime News : मकान में अवैध हुक्का बार का भंडाफोड़, 500 रुपए लेकर युवाओं को परोसा जा रहा था नशा, संचालक समेत 5 आरोपी गिरफ्तार


