फतेहगढ़ साहिब। फतेहगढ़ साहिब के बस्सी पठाणां के मुख्य रोड पर स्थित गिल पैलेस में अहम खबर आमने आई है. यहां एक पैलेस में भीषण आग लगी है. इस दुर्घटना में पैलेस में रखा करोड़ों रुपये का फर्नीचर और अन्य कीमती सामान जलकर पूरी तरह राख हो गया. आग इतनी भयानक थी कि आसपास तक फैलने में उसे समय नहीं लगा.

पैलेस के मालिक अमनदीप सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि सुबह करीब 4 बजे एक राहगीर ने फोन करके सूचना दी कि पैलेस में आग लग गई है. सूचना मिलते ही तुरंत फायर ब्रिगेड और पुलिस को सूचित किया गया, जिन्होंने करीब दो घंटे की भारी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया.

उन्होंने बताया कि पैलेस के अंदर इस समय रेनोवेशन का काम चल रहा था. आग लगने के कारण भारी नुकसान हुआ है, जिसमें सोफे, कुर्सियां, टेबल, मैटिंग, सजावटी फूल और अन्य फर्नीचर जल गए हैं. आने वाले दिनों में पैलेस में कई शादियों की बुकिंग थीं. इसके कारण डबल नुकसान होगा. उन्होंने यह भी कहा कि आगे के बुकिंग में कोई प्रभाव ना पड़े इसका ध्यान रखा जाएगा. आग किस कारण से लगी यह अभी साफ नहीं हो पाया है.