फतेहपुर के मलवां कस्बे में गैस सिलेंडर फटने से दो मंजिला मकान ढह गया, जिसमें चार लोगों की मौत हो गई. हादसे में तीन अन्य लोग घायल हुए हैं, जिनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है.
फतेहपुर. जिले के मलवां कस्बे में सोमवार को गैस सिलेंडर फटने से दो मंजिला मकान ढह गया. हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हुए हैं. इनमें एक व्यक्ति की हालत गंभीर बताई जा रही है और उसे वेंटिलेटर पर रखा गया है.
हादसा मलवां कस्बा निवासी सुरेश गुप्ता उर्फ धुन्नर के मकान में हुआ. सुरेश गुप्ता सब्जी और फल बेचने का काम करते हैं. परिजनों के मुताबिक, घर में खाना बनाते समय अचानक गैस सिलेंडर में विस्फोट हुआ, जिसके बाद मकान भरभराकर गिर गया.
चार लोगों की मौत
धमाके के बाद मकान के मलबे में परिवार के सदस्य दब गए. पुलिस, फायर ब्रिगेड और स्थानीय लोगों ने बचाव अभियान चलाकर मलबे से लोगों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया.
अस्पताल में सुरेश गुप्ता के बेटे कुनाल (19), भतीजे वेद (14), यश (8) और अर्पित (15) को मृत घोषित कर दिया गया. सुरेश गुप्ता (50), उनके भतीजे ओम (7) और भतीजी शिवानी (23) घायल हुए हैं. शिवानी को मामूली चोटें आई थीं और उपचार के बाद उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई.
एक की हालत गंभीर
सुरेश गुप्ता के भतीजे आलोक गुप्ता (23) की हालत गंभीर बताई गई है. वह करीब 90 फीसदी झुलसे हैं और उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया है.
फतेहपुर के सीएमओ उदय भान सिंह ने हादसे में चार लोगों की मौत की पुष्टि की है. पुलिस के मुताबिक, घायलों का उपचार कराया जा रहा है.
आसपास के घर प्रभावित
विस्फोट का असर आसपास के मकानों पर भी पड़ा. सुरेश गुप्ता के पड़ोसी महेश सिंह और प्रदीप सिंह के मकान प्रभावित हुए, जबकि अनमोल सिंह और रूपा सिंह के घरों की दीवारें ढह गईं.
हादसे के समय महेश सिंह और प्रदीप सिंह के परिवार के सदस्य अपने घरों से बाहर थे. आसपास के कुछ मकानों की बीम भी विस्फोट के प्रभाव से प्रभावित हुई हैं, हालांकि इन मकानों में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है.
रात में भी रेस्क्यू
पुलिस अधीक्षक फतेहपुर अभिमन्यु मांगलिक के अनुसार, स्थानीय लोगों ने पीआरवी को सिलेंडर विस्फोट की सूचना दी थी. पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया, जिसके दौरान सात लोगों को मलबे से बाहर निकाला गया.
मलबे में अन्य लोगों के दबे होने की आशंका को देखते हुए एसडीआरएफ को भी बुलाया गया है. रात में बचाव अभियान जारी रखने के लिए बिजली विभाग और स्थानीय स्तर पर रोशनी की व्यवस्था की जा रही है तथा अतिरिक्त बड़ी लाइटें भी मंगाई गई हैं.
जांच में जुटी टीमें
फोरेंसिक टीम और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर जांच कर रही हैं. विस्फोट के कारण और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर दुख जताते हुए अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत कार्य तेज करने और घायलों के परिजनों से संवाद कर हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं.
सुरेश गुप्ता के चाचा जगन्नाथ ने बताया कि उन्हें पहले घर में विस्फोट की सूचना मिली थी. बाद में मोहल्ले के लोगों ने मकान ढहने की जानकारी दी, जिसके बाद वह मौके पर पहुंचे. उन्होंने बताया कि घर में दो महिलाएं और चार बच्चे मौजूद थे और हादसे में उनका एक नाती भी मारा गया.


