कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। Gwalior Father Raped Son: मध्य प्रदेश के ग्वालियर में रिश्तों की मर्यादा को तार-तार करने वाला सनसनीखेज मामला सामने आया है। बहोड़ापुर इलाके में एक पिता पर अपने ही 14 वर्षीय नाबालिग बेटे के साथ दुष्कर्म करने का आरोप लगा है। बेटे ने डर के कारण करीब 20 दिन तक यह राज छिपाए रखा। आखिरकार मां को घटना की जानकारी मिलने के बाद मामला पुलिस तक पहुंचा। पुलिस ने पोक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज कर फरार आरोपी पिता की तलाश शुरू कर दी है।

दरअसल, मामला बहोड़ापुर थाना क्षेत्र का है और घटना 16 अगस्त की बताई जा रही है। पीड़ित की मां घरेलू कामकाज कर परिवार का गुजारा करती है। महिला का पति करीब 14 साल पहले उससे अलग हो गया था और दूसरी महिला के साथ रह रहा है। दोनों के बीच भरण-पोषण को लेकर न्यायालय में विवाद भी चल रहा है।

आरोप है कि 16 अगस्त को महिला काम के लिए घर से बाहर गई थी। इसी दौरान उसका पति समझौता करने का बहाना बनाकर घर पहुंचा। उसने बेटे को भरोसा दिलाया कि उसकी मां के साथ विवाद खत्म करने को लेकर बात बन गई है। इसके बाद आरोपी उसे कमरे में ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। 

बताया जा रहा है कि जाते समय आरोपी ने नाबालिग को धमकी दी कि अगर उसने किसी को घटना के बारे में बताया तो उसे जान से मार दिया जाएगा। धमकी के डर से बच्चा सहमा रहा और करीब 20 दिनों तक किसी से कुछ नहीं कह सका। जब मां ने बेटे के बदले व्यवहार को देखा तो उसने उससे पूछताछ की और भरोसा दिलाया। इसके बाद नाबालिग ने रोते हुए मां को पूरी घटना की जानकारी दी। 

मां तुरंत बेटे को लेकर बहोड़ापुर थाने पहुंची और शिकायत दर्ज कराई।पुलिस ने आरोपी पिता के खिलाफ बीएनएस की धारा 351(3) और पोक्सो एक्ट की धारा 5/6 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। जांच के दौरान एक और चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है। 

आरोपी साल 2024 में अपनी ही नाबालिग बेटी के साथ दुष्कर्म के मामले में जेल जा चुका है और हाल ही में जमानत पर बाहर आया था। अब एक बार फिर गंभीर आरोप सामने आने के बाद आरोपी फरार है। एएसपी जयराज कुबेर ने इस पूरे मामले में कहा है कि पुलिस आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m