Business Desk – FD Investment 2026 : अगर आप फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) में निवेश करने की योजना बना रहे हैं, तो आपके लिए अच्छी खबर है. देश के दो स्मॉल फाइनेंस बैंकों ने अपनी एफडी ब्याज दरों में बढ़ोतरी की है. इनमें Unity Small Finance Bank और AU Small Finance Bank शामिल हैं.

नई दरों के लागू होने के बाद निवेशकों को पहले के मुकाबले ज्यादा रिटर्न मिलने का मौका मिलेगा. खास बात यह है कि वरिष्ठ नागरिकों को इन योजनाओं में और अधिक ब्याज का लाभ दिया जा रहा है.

Unity Small Finance Bank दे रहा 8.30% तक ब्याज

यूनिटी स्मॉल फाइनेंस बैंक ने 11 जून 2026 से अपनी नई एफडी दरें लागू कर दी हैं. बैंक की 501 दिन की स्पेशल एफडी स्कीम पर आम निवेशकों को 7.80% और वरिष्ठ नागरिकों को 8.30% तक ब्याज दिया जा रहा है.

इसके अलावा 1 साल की एफडी पर 6.50%, 2 और 3 साल की एफडी पर 6.75% तथा 5 साल की एफडी पर 6% ब्याज मिल रहा है. बैंक ने अपने सेविंग अकाउंट की ब्याज दरों में भी बढ़ोतरी की है, जहां 10 लाख रुपए से अधिक बैलेंस पर 7% और 1 लाख से 10 लाख रुपए तक की राशि पर 6% सालाना ब्याज दिया जा रहा है.

AU Small Finance Bank ने भी बढ़ाया FD Return

एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक ने भी निवेशकों को राहत देते हुए 30 महीने की एफडी पर ब्याज दर बढ़ा दी है. बैंक ने सामान्य ग्राहकों के लिए इस अवधि की एफडी पर ब्याज 7.25% से बढ़ाकर 7.40% कर दिया है, जबकि वरिष्ठ नागरिकों को अब 7.90% तक ब्याज मिलेगा.

नई दरें 10 जून 2026 से लागू हो चुकी हैं. इसके अलावा बैंक 1 साल की एफडी पर 6.35%, 2 साल पर 7%, 3 साल पर 7.40% और 5 साल की एफडी पर 6.75% ब्याज दे रहा है.

FD में निवेश से पहले करें तुलना

विशेषज्ञों का मानना है कि एफडी में निवेश करने से पहले अलग-अलग बैंकों की ब्याज दर, निवेश अवधि, समय से पहले निकासी के नियम और बैंक की विश्वसनीयता की तुलना जरूर करनी चाहिए. हाल ही में ब्याज दरों में हुई बढ़ोतरी के बाद स्मॉल फाइनेंस बैंकों की एफडी उन निवेशकों के लिए आकर्षक विकल्प बन सकती है, जो सुरक्षित निवेश के साथ बेहतर रिटर्न की तलाश में हैं.