कैथल। हरियाणा के कैथल से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां रविवार को तीन दोस्तों ने सोशल मीडिया पर सुसाइड का वीडियो अपलोड कर जहरीला पदार्थ निगल लिया। युवकों का आरोप है कि एक लड़की के गायब होने के मामले में चार लोग उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे। वीडियो वायरल होते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए तीनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां फिलहाल उनकी हालत खतरे से बाहर है।
दोस्त के चक्कर में फंसे तीनों युवक
पूरा मामला पूंडरी क्षेत्र के मूंदड़ी और पिलनी गांव से जुड़ा है। अस्पताल में भर्ती युवकों की पहचान रोहित, मोहित और गौरव के रूप में हुई है। दरअसल, चार दिन पहले इलाके से एक नाबालिग लड़की संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई थी। लड़की को भगाने का आरोप जिस युवक पर है, वह इन तीनों का दोस्त है। लड़की के परिजनों को शक था कि इस पूरे खेल में इन तीनों दोस्तों ने भी मुख्य आरोपी की मदद की है। इसी बात को लेकर लड़की के घरवाले और पुलिस लगातार इनसे पूछताछ कर रहे थे।
वीडियो में रो-रोकर बयां किया दर्द
रविवार को तीनों दोस्त ढांड क्षेत्र के चुहड़माजरा गांव के पास खेतों में इकट्ठा हुए। वहां जहर खाने से पहले उन्होंने एक वीडियो रिकॉर्ड किया। वीडियो में युवकों ने कहा, “हम तीनों जहर खाने जा रहे हैं। अगर हमें कुछ हुआ तो इसके जिम्मेदार वो चार लोग होंगे। इस केस में हमारा कोई कसूर नहीं है। अब हमारी इज्जत और बदनामी पर बात आ गई है, जो हमसे बर्दाश्त नहीं हो रही।”
पुलिस ने लोकेशन ट्रैक कर बचाई जान
युवकों ने जैसे ही यह वीडियो सोशल मीडिया पर डाला, परिजनों और पुलिस को इसकी भनक लग गई। पूंडरी पुलिस ने तुरंत एक्शन लिया और तकनीकी मदद से युवकों की लोकेशन ट्रैक की। पुलिस टीम सीधे खेतों में पहुंची और तीनों को कैथल के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
जांच के बाद होगी कार्रवाई: SHO
पूंडरी थाना एसएचओ शिवकुमार ने बताया कि सही समय पर पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। डॉक्टरों के मुताबिक युवकों ने जो दवा खाई थी, वह ज्यादा जहरीली नहीं थी। इस वजह से तीनों की जान बच गई और वे अब पूरी तरह ठीक हैं। पुलिस जल्द ही तीनों के बयान दर्ज करेगी, जिसके बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

