रेणु अग्रवाल, धार। मध्य प्रदेश के धार जिले स्थित निसरपुर के माता शबरी आवासीय कन्या शिक्षा परिसर में छात्रावास की बदहाल व्यवस्थाओं को लेकर हड़कंप मच गया। बीती रात करीब 10 बजे छात्रावास की 91 में से लगभग 40 छात्राएं अव्यवस्थाओं से तंग आकर कमरे की खिड़की से नीचे कूदीं और रात के अंधेरे में ही पैदल कुक्षी थाने की ओर निकल पड़ीं। छात्राओं को अचानक सड़क पर पैदल जाते देख स्थानीय लोगों में चिंता फैल गई और वे सुरक्षा के लिहाज से उनके साथ चलने लगे।

50 की क्षमता में 140 छात्राएं, खराब भोजन की शिकायत

थाने पहुंचीं छात्राओं ने छात्रावास प्रशासन की पोल खोलकर रख दी। छात्राओं का आरोप है कि 50 बेड की क्षमता वाले इस छात्रावास में 140 छात्राओं को ठूंस-ठूंस कर रखा गया है। उन्हें मेन्यू के अनुसार खाना और नाश्ता नहीं दिया जाता। जब वे भोजन की गुणवत्ता को लेकर शिकायत करती हैं, तो उन्हें यह कहकर चुप करा दिया जाता है कि “खाना पसंद नहीं है तो मत खाओ।” छात्राओं ने यह भी खुलासा किया कि अधिकारियों के निरीक्षण वाले दिन तो व्यवस्थाएं दुरुस्त कर दी जाती हैं, लेकिन उनके जाते ही स्थिति फिर वैसी ही हो जाती है।

रास्ते में एक छात्रा की बिगड़ी तबीयत

निसरपुर से खंडवा-बड़ौदा मार्ग पर पैदल चलने के दौरान एक छात्रा की तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिसे तुरंत कुक्षी के कैलाश हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। निसरपुर पुलिस के काफी समझाने के बावजूद छात्राएं अपनी शिकायतों को लेकर थाने जाने पर अड़ी रहीं। इसके बाद पुलिस और स्थानीय प्रशासन ने वाहनों का प्रबंध कर सभी छात्राओं को सुरक्षित कुक्षी थाने पहुँचाया।

प्रशासनिक अमला पहुंचा थाने

घटना की सूचना मिलते ही तहसीलदार प्रवीण पाटीदार, एसडीओपी सुनील गुप्ता, टीआई दीपक चौहान और चौकी प्रभारी भुवानसिंह चौहान सहित भारी प्रशासनिक अमला थाने पहुंचा। वहीं जयस (JAYAS) के रविराज बघेल भी मौके पर पहुंचे और छात्राओं का समर्थन किया। अधिकारियों ने छात्राओं को आश्वासन दिया है कि सुबह एसडीएम के साथ छात्रावास का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की जांच की जाएगी और दोषियों पर कार्रवाई होगी।

जयस ने दी आंदोलन की चेतावनी

इसके बाद पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से छात्राओं को वापस छात्रावास छोड़ दिया गया। जयस नेता ने चेतावनी दी है कि यदि व्यवस्थाओं में तुरंत सुधार नहीं हुआ और वार्डन ने छात्राओं पर किसी तरह का दबाव बनाने की कोशिश की, तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m