चंकी बाजपेयी, इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर कांग्रेस प्रदर्शन के दौरान उस वक्त हंगामा मच गया जब महिला नेत्री ने पुलिसकर्मियों को कुत्ते से तुलना कर दी। उन्होंने न सिर्फ उन्हें अपशब्द कहे, बल्कि सरकार का गुलाम तक बोल दिया। इस बयान के बाद पुलिस अफसर भड़क उठे और उन्हें मर्यादा में रहने और वर्दी के बारे में एक भी शब्द न कहने की नसीहत दे डाली।
दरअसल, मध्य प्रदेश राज्यसभा प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त होने पर कांग्रेस की महिला विंग प्रदेशभर में प्रदर्शन कर रही है। इंदौर में कलेक्टर कार्यालय पर महिलाएं अपना विरोध जता रही थीं। इस दौरान पुलिस ने उन्हें रोका तो कांग्रेस नेत्री शशि हाड़ा अपना आपा खो बैठी। उन्होंने पुलिसकर्मियों से कहा, ‘वर्दी में कुत्ते हो तुम, गुलाम हो।’
कांग्रेस नेत्री ने अभद्रता की तो पुलिस अफसर भड़क उठे। उन्होंने कहा, वर्दी को लेकर एक शब्द मत कहना। क्या कह रही हो, आपको कोई मर्यादा है या नहीं। यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर आग की तरह वायरल हो रहा है।

