मुकेश सेन, टीकमगढ़। मध्यप्रदेश के टीकमगढ़ जिले में शादी समारोह के दौरान ऑर्केस्ट्रा की महिला डांसर्स के साथ मारपीट की घटना सामने आई है। शादी के दौरान शरारती तत्वों ने उससे अभद्रता की और पैसे भी देने से कर दिया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।
पूरा मामला टीकमगढ़ जिले के बड़ागांव कस्बे का है जहां एक विवाह समारोह में आर्केस्ट्रा पार्टी और महिला डांसरों को बुलाया गया था। कार्यक्रम के दौरान पहले तो कुछ शरारती तत्वों ने उस पर पैसे उड़ाते हुए बदसलूकी की। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो असामाजिक तत्वों ने मारपीट करते हुए उनकी मेहनत के पैसे देने से भी इंकार कर दिया।
विवाद के दौरान लोगो ने एक दूसरे पर जमकर कुर्सियां भी चलाई। सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और महिला डांसर और उनकी साथियों को वहां से बचाकर थाने ले आई। बड़ागांव थाना प्रभारी जयंत गोयल ने इस मामले में कहा कि पैसे लुटाने और लूटने वालो की वजह से विवाद की शुरुआत हुई और डांसर महिलाओं के साथ मारपीट की गई। शिकायत पर 5 अज्ञात लोगों पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

