अजयारविद नामदेव, शहडोल। मध्य प्रदेश के शहडोल से एक बेहद दुखद और वन विभाग की कथित लापरवाही को उजागर करने वाला मामला सामने आया है। यहां पानी की तलाश में भटककर रिहायशी इलाके में पहुंची एक मादा तेंदुए की कुएं में गिरकर डूबने से मौत हो गई है। यह पूरी घटना वन परिक्षेत्र शहडोल सर्किल के सिंहपुर बीट अंतर्गत अंतरा के राजस्व ग्राम मझगवां की है।
ग्रामीणों ने पहले ही किया था सूचित
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, यह तेंदुआ पिछले कुछ दिनों से लगातार रिहायशी इलाके के आसपास देखा जा रहा था और विचरण कर रहा था। ग्रामीणों ने तेंदुए का वीडियो बनाकर वन विभाग के अधिकारियों और टीम को इस बात की सूचना भी दी थी। आरोप है कि सूचना मिलने के बावजूद वन विभाग की टीम ने इस पर समय रहते ध्यान नहीं दिया, जिसके परिणामस्वरूप यह दुखद हादसा हो गया और तेंदुए को अपनी जान गंवानी पड़ी।
वन विभाग ने शुरू की जांच
मादा तेंदुए की मौत की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम हरकत में आई और तुरंत मौके पर पहुँची। टीम ने ग्रामीणों की मदद से तेंदुए के शव को कुएं से बाहर निकाला। इसके बाद वन विभाग ने मौका पंचनामा तैयार कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। इस घटना के बाद से ग्रामीणों में आक्रोश है, वहीं वन विभाग की टीम अब पूरे मामले की बारीकी से जांच करने में जुट गई है।

